लुधियाना के बहादरके रोड स्थित धर्मराज नगर की एक फैक्ट्री में चोरी का मामला सामने आया है। चोर ने फैक्ट्री की 15 फीट ऊंची दीवार फांदकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित कारोबारी सरमीत सिंह ने बताया कि यह घटना 26 दिसंबर की सुबह करीब 6 बजे हुई। आरोपी फैक्ट्री परिसर में दाखिल हुआ, अंदर रखा माल बोरे में भरा और फिर बोरा फाड़कर गली में माल इकट्ठा कर ले गया। पूरी वारदात सुबह 6:20 बजे तक चली। पिछली गली में ही रहता था आरोपी घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिससे पता चला कि आरोपी पिछली गली में ही रहता था। स्थानीय उद्योगपतियों और लोगों की मदद से आरोपी के घर तक पहुंच बनाई गई, जहां से चोरी किया गया कुछ माल बरामद हुआ। सरमीत सिंह के अनुसार, उनका करीब 7 हजार रुपए का माल चोरी हुआ था, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने इससे पहले भी सच्चदेवा फैक्ट्री से लगभग 3200 पीस माल चोरी कर बेचा था। व्यापारियों का दावा है कि आरोपी ने इलाके में 40 से 50 चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। कुल नुकसान का आंकड़ा करीब 10 लाख रुपए तक बताया जा रहा है। आरोपी के साथियों की तलाश में पुलिस सूचना मिलने पर पीसीआर 12 मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कुछ अन्य साथियों के नाम भी सामने आए हैं, जिन पर कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद व्यापारियों ने प्रशासन और पंजाब सरकार से चोरी की बढ़ती घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि मौजूदा हालात में रात 10 बजे के बाद अकेले निकलना मुश्किल हो गया है, जिससे व्यापार पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।


