रामामंडी के दकोहा से 3 माह के बच्चे की किडनैपिंग का मामला पुलिस ने 24 घंटे में ट्रेस कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल लुधियाना से बरामद किया है। पुलिस ने किडनैपिंग के मास्टरमाइंड बलजीत सिंह निवासी दकोहा और उसकी पत्नी बलजीत कौर, भांजा रिंकू निवासी सलेम टाबरी लुधियाना और मनोज कुमार लक्की निवासी गांव धन्नोवाली को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 10 दिन पहले किडनैपिंग की योजना बनाई थी। बच्चे का लुधियाना में सौदा होना था। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है। किडनैपिंग में इस्तेमाल बाइक और ऑटो का जब्त कर लिया गया है। सीपी स्वप्न शर्मा ने बताया कि मूलरूप से बिहार के पूर्णिया निवासी शिल्पा देवी (35) ने 25 दिसंबर को सूचना दी कि उनके 3 माह के बेटे को कोई घर से अगवा कर ले गया है। थाना रामामंडी में मामला दर्ज किया गया था। सीपी ने कहा कि एडीसीपी सिटी-1 तेजबीर सिंह हुंदल की सुपरविजन में मामले की जांच शुरू की गई। उप चौकी दकोहा के इंचार्ज नरिंदर मोहन को शुरुआती जांच में सीसीटीवी की मदद से क्लू मिले कि किडनैपर बाइक पर आए थे। पुलिस दकोहा में पहुंची तो पता चला कि ऑटो ड्राइवर बलजीत सिंह मास्टरमाइंड है। अमीर बनने की चाह… गरीब परिवारों के बच्चों को टारगेट बनाया सीपी शर्मा ने कहा कि सूचना मिली कि अपह्त 3 महीने के बच्चे को लुधियाना में बेचने की साजिश बनाई गई है। बाद में टीम ने छापेमारी कर बलजीत कौर, उनके पति बलजीत सिंह, भांजे रिंकू और मनोज को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। सीपी ने कहा कि अब तक की पूछताछ में यह बात आई है कि रिंकू ने अपने मौसा के साथ मिलकर बच्चा किडनैप किया था। रिंकू बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा तो बलजीत बच्चा उठाकर ले आया था। बाद में वह अपने घर में आ गए, यहां से ऑटो में बैठकर सभी लुधियाना चले गए थे। बलजीत सिंह ने माना कि मनोज पहले उनके यहां पर किराए पर रहता था। वह लोग अमीर बनना चाहते थे। इसी बीच मिलकर साजिश बनाई गई कि वह लोग गरीब तबके के बच्चे किडनैप कर आगे बेच देंगे। यह उनका पहला क्राइम था। वह एक हफ्ते से ऐसे बच्चे की तलाश में थे, जो छोटा हो। उनकी नजर शिल्पा के बच्चे पर पड़ी थी। जांच में पता चला कि शिल्पा के पहले से ही 3 बच्चे हैं, इसलिए उसके बच्चे को टारगेट बनाया था, क्योंकि गरीब का बच्चा है तो कोई ज्यादा पंगा नहीं होगा। इधर, एडीसीपी हुंदल ने जब शिल्पा को उनका बच्चा सौंप तो वह भावुक हो गई। उसने हाथ जोड़कर कहा कि आप की मेहनत से मेरा लल्ला मिल पाया है। सीपी शर्मा ने कहा कि पुलिस रिमांड के दौरान पता किया जाएगा कि बच्चा लुधियाना में किसने खरीदना था।


