पंजाब के लुधियाना में इलाका न्यू आजाद नगर में 5 साल की बच्ची के जन्मदिन के दौरान मोहल्ले में जमकर हंगामा हो गया। कुछ लोगों ने घटना स्थल पर फायरिंग की भी कोशिश की। गनीमत रही की गोली पिस्टल से चली नहीं और मिस हो गई। इस केस में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है लेकिन अभी अधिकारी इस मामले में कुछ नहीं बता रहे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि नशे की हालत में आए एक युवक ने पहले विवाद किया, फिर अपने गुंडों को बुलाकर मारपीट की और फायरिंग भी की। मीट की रेहड़ी लगाने को लेकर हुआ विवाद पुलिस को जानकारी देते हुए अजय कुमार ने कहा कि उसकी बेटी मानसी (उम्र 5 वर्ष) का जन्मदिन घर के बाहर गली में डीजे लगाकर मनाया जा रहा था। रात करीब 10:45 बजे इसी दौरान वनीत कुमार नामक युवक, जो कथित रूप से शराब के नशे में था। वह गली में अपनी मीट की रेहड़ी लगाता है। वह उस दिन रेहड़ी लगाने को लेकर विवाद करने लगा। पीड़ित अजय का आरोप है कि बहस के बाद वनीत कुमार ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि पीड़ित को घर से बाहर खींचकर दोबारा पीटा गया। पिस्टल निकालकर फायरिंग का आरोप
पीड़ित अजय के अनुसार इस दौरान रवि खच्चर और मनी खच्चर ने पिस्टल निकालकर पीड़ित और उसके रिश्तेदारों की ओर फायरिंग की, हालांकि गोली नहीं चली। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। धमकी देकर फरार हुए आरोपी
शोर-शराबा बढ़ने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


