लुधियाना जिले के थाना हठूर के गांव लक्खा में एक बुजुर्ग दंपती पर हुए जातिसूचक हमले का मामला सामने आया है। सर्विस स्टेशन मालिक बलजीत सिंह ने गुरमेल सिंह और उनकी पत्नी शिमलो कौर पर हमला किया। घटना 11 सितंबर की शाम की है। आरोपी ने नशे की हालत में दंपती को सड़क पर धक्का देकर गिराया। उन्हें लात-घूंसों और डंडों से पीटा। घायल दंपती को हठूर और जगराओं के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। पंचायत में शिकायत, कार्रवाई नहीं पीड़ित परिवार की सदस्य वीरपाल कौर ने बताया कि आरोपी पहले भी उनके परिवार को प्रताड़ित करता रहा है। उसने उनकी लकडियां जलाईं और पेड़ काटे। पंचायत में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में एक नया मोड़ तब आया, जब आरोपी ने खुद को चोट पहुंचाकर पीड़ित परिवार और पूर्व सरपंच समेत तीन लोगों पर झूठा केस दर्ज करवा दिया। एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग विरोध में ग्रामीण मजदूर यूनियन की अगुआई में गांववासियों का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता से मिला। यूनियन नेता अवतार सिंह रसूलपुर और सुखदेव सिंह माणूंके के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने झूठे केस को रद्द करने और आरोपी पर एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।


