लुधियाना से युवाओं द्वारा नशा करने के वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला समराला चौक के पास से सामने आया है, जहां का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने नशे के खिलाफ पुलिस के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो समराला चौक के पुल के नीचे का है, जहां दो युवक खुलेआम नशा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि एक युवक के हाथ में सिरिंज है, जिससे वह दूसरे युवक के हाथ और पैर में नशे का इंजेक्शन लगा रहा है। राहगीर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो हैरानी की बात यह है कि समराला चौक ऐसा इलाका है, जहां आमतौर पर थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी रहती है। इसके बावजूद नशेड़ी बिना किसी डर के सरेआम नशा कर रहे हैं। यह वीडियो किसी राहगीर द्वारा मोबाइल के कैमरे से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई है। पुलिस के दावों पर उठे सवाल वीडियो के बाद अब पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस नशे की चेन तोड़ने के दावे कर रही है, जबकि सरेआम चौक-चौराहों और पुलों के नीचे नशेडी नसों में टिके इंजेक्ट कर रहे हैं। शहर निवासियों का कहना है कि यदि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह सरेआम नशा होता रहेगा तो यह न केवल कानून-व्यवस्था के लिए खतरा है, बल्कि युवा पीढ़ी के लिए भी घातक साबित होगा।


