लुधियाना के पॉश इलाके सराभा नगर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गुरुद्वारा साहिब के पास एक तेज रफ्तार व्हाइट रुबिकॉन जीप और यामाहा R15 बाइक के बीच हुई जबरदस्त टक्कर में 17 वर्षीय नौजवान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। पूरी खाने निकले थे दोस्त मिली जानकारी के अनुसार लुधियाना के धरमपुरा इलाके का रहने वाला लक्ष्य (17) अपने दोस्तों के साथ सुबह पूरी खाने के लिए घर से निकला था। लक्ष्य चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी का छात्र था। जब वे सराभा नगर गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंचे तभी उनकी बाइक की टक्कर एक सफेद रंग की रुबिकॉन गाड़ी से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लक्ष्य ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक दोस्त DMC में जिंदगी की जंग लड़ रहा हादसे के वक्त लक्ष्य के साथ उसका दोस्त सक्षम भी बाइक पर सवार था। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे DMC रेफर कर दिया है। सक्षम की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। परिवार का सहारा था लक्ष्य मृतक लक्ष्य के पिता एक प्राइवेट जॉब करते हैं और माता गृहणी हैं। घर में लक्ष्य के अलावा एक भाई और एक बहन हैं। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही धरमपुरा इलाके में मातम पसर गया है और माता पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस की कार्रवाई: रुबिकॉन चालक हिरासत में चौकी नंबर 5 की पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। रुबिकॉन जीप और यामाहा R15 बाइक के बीच टक्कर हुई। पुलिस ने रुबिकॉन चालक को हिरासत में ले लिया है और गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रहे है ताकि हादसे के असली कारणों का पता चल सके। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा: ओवरस्पीडिंग बनी हादसे की वजह मौके पर मौजूद लोगों और प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दोनों ही वाहनों की रफ्तार काफी अधिक थी। रफ्तार पर नियंत्रण न होने के कारण मोड़ के पास यह बड़ा हादसा हो गया।


