लुधियाना में लोहड़ी को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। 13 जनवरी को मनाए जाने वाले इस पर्व के लिए बाजारों में पतंग-डोर की दुकानें सज गई हैं। रविवार को लोगों ने जमकर खरीदारी की। साथ ही मूंगफली, रेवड़ी-गजक और तिल की दुकानें भी सज गई हैं। युवाओं में पतंगबाजी का विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। सोमवार सुबह 8 बजे से ही युवा छतों पर चढ़कर डीजे की धुन पर लोहड़ी का जश्न मनाएंगे। इस बार बड़े आकार की पतंगें युवाओं की पहली पसंद बन गई हैं। मार्केट में सिंगर दिलजीत दोसांझ के डायलॉग ‘पंजाबी आ गए ओ’ से सजी पतंगें भी खूब बिक रही हैं। महंगाई की मार इस त्योहार पर भी दिखाई दे रही है। पिछले साल की तुलना में पतंग और डोर के दाम 25 फीसदी तक बढ़ गए हैं। हैबोवाल के पतंग-डोर दुकानदार रोहित और साजन के अनुसार, दामों में बढ़ोतरी के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ है। बाजार में 20 रुपए से लेकर 700 रुपए तक की पतंगें उपलब्ध हैं। बड़े आकार की पतंगों की कीमत 200 से 550 रुपए के बीच है, जबकि 5 से 6 फीट की बड़ी पतंगें 600 से 700 रुपए में बिक रही हैं। पंजाब और उत्तर भारत में विशेष महत्व रखने वाला यह त्योहार इस बार भी धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर के इन बाजारों में रही भीड़
रविवार को पतंग-डोर के लिए शहर के दरेसी मैदान के पास पतंग-डोर की मार्केट में दिनभर से देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही। जबकि हैबोवाल मार्केट, कैलाश सिमेना के पास, उपकार नगर, केसर गंज के पास, फिल्लोर गंज मार्केट में लोगों की भीड़ देर रात तक जुटी रही। हालांकि रविवार को छुट्टी के चलते दिन में ही इन बाजारों मे लोग खरीददारी के लिए पहुंचना शुरू हो गए थे।


