लुधियाना में अब बुड्ढा दरिया में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरु कर दिए है। थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने 8 डेयरी संचालकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इन डेयरी संचालकों पर आरोप है कि ये सीधे तौर पर बुड्ढा दरिया में डेयरी वेस्टेज फेंकते है। जिस कारण बुड्ढा दरिया प्रदूषित हो रहा है। वातावरण को दूषित करने के आरोप में इन डेयरी संचालकों के खिलाफ पुलिस ने उत्तरी भारत नहर और जल निकासी अधिनियम 1873 के तहत धारा 70(3),70(5),70(12) का मामला दर्ज किया है। इन डेयरी संचालकों पर हुआ मामला दर्ज आरोपी डेयरी संचालकों की पहचान सुरिंदर कुमार रौमी, धर्मा गुज्जर, मंगल डेयरी, बंटी डेयरी, मंगा सहगल, भूषण डेयरी, जोनी डेयरी, सोनू डेयरी निवासी ताजपुर रोड के रुप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी भी कर रही है। सूत्रों मुताबिक पता चला है कि इन डेयरी संचालकों ने अंडर ग्राउंड पाइप फ़िटिंग करवाई हुई थी जहां से वेस्टेज सीधा बुड्ढा दरिया में डाली जा रही थी। प्रशासन ने कुछ दिन पहले खुदाई करवाकर पाइपों को उखड़वाया है। बता दें कि बुड्डा दरिया पर संत सींचेवाल की तरफ से कार सेवा भी शुरु की गई है। बुड्डा दरिया को स्वच्छ रखने के लिए सरकार अब हर संभव कोशिश कर रही है। बुड्डा दरिया के नजदीक बनी उन डाइंगों पर गाज गिरनी तय है जो सीधे कैमीकल युक्त पानी बुड्डा दरिया में गिरा रहे है। प्रशासन द्वारा इन डाइंगों की भी लिस्ट तैयार करवाई जा रही है।


