लुधियाना में रायकोट एसडीएम दफ्तर में हुए रिश्वत मामले में एसडीएम गुरबीर सिंह कोहली 22 दिनों से फरार हैं। आम आदमी पार्टी के हलका विधायक हाकम सिंह ठेकेदार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में विजिलेंस विभाग पर सवाल उठाए हैं। बता दें कि रिश्वत मामले में विजिलेंस ने 12 जून को एसडीएम के स्टेनो जतिंदर सिंह नीटा नूरपुरा को 24 लाख 6 हजार रुपए रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला कि यह रकम एसडीएम कोहली की थी। स्टेनो ने विजिलेंस को बताया कि पैसे कोहली के कहने पर अलमारी में रखे गए थे। केस का फैसला अपने पक्ष में करवाने के लिए रिश्वत विजिलेंस ने युथ अकाली दल के सीनियर उपाध्यक्ष सुखजीत सिंह बग्गी झोरडां को भी गिरफ्तार किया है। बग्गी पर आरोप है कि वह कोर्ट में चल रहे जमीन के केस का फैसला अपने पक्ष में करवाने के लिए रिश्वत दे रहा था। अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप विधायक हाकम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के बावजूद कोहली की गिरफ्तारी नहीं हो रही है। विधायक ने आरोप लगाया कि विजिलेंस विभाग के कुछ अधिकारी कोहली से मिले हुए हैं। आप किसान विंग के महासचिव सुखविंदर सिंह और ब्लॉक प्रधान रमेश जैन ने भी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रेस वार्ता में ट्रक यूनियन के प्रधान बिंदरजीत सिंह समेत कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। फिलहाल नीटा नूरपुरा और बग्गी दोनों जुडिशियल रिमांड पर जेल में हैं।


