लुधियाना में SSP ऑफिस पर महिलाओं का प्रदर्शन:बुजुर्ग दंपती पर झूठे केस का आरोप, काली चुन्नियां लेकर विरोध

लुधियाना के जगराओं स्थित एसएसपी कार्यालय के बाहर गुरुवार को दलित एवं मजदूर महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने काली चुन्नियां लेकर दलित बुजुर्ग दंपती पर झूठा मामला दर्ज किए जाने के विरोध में नारेबाजी की। महिलाओं ने पुलिस के कथित पक्षपातपूर्ण रवैये पर रोष व्यक्त किया। पेंडू मजदूर यूनियन के जनरल सेक्रेटरी अवतार सिंह रसूलपुर ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि गांव लक्खा के एक व्यक्ति ने दलित बुजुर्ग दंपती के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर ने अपनी उंगली पर खुद चोट मारकर पीड़ित दंपती और उनके एक पड़ोसी, जो पूर्व दलित सरपंच रह चुके हैं और इस मामले से संबंधित नहीं हैं, के खिलाफ धारा 26 के तहत झूठा मामला दर्ज करवा दिया। एएसआई ने अपनी मर्जी से दर्ज किए बयान प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि थाना हठूर के एक एएसआई ने जांच के दौरान पीड़ित बुजुर्ग दंपती के बयान अपनी मर्जी से दर्ज किए और हमलावर पक्ष का समर्थन किया। उनका यह भी आरोप है कि जांच के दौरान ही पीड़ित दलित बुजुर्ग को जेल भेज दिया गया, जिससे जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।
झूठा मामला रद्द करने की मांग पेंडू मजदूर यूनियन की नेता बीबी जसबीर कौर के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में मांग की गई कि पीड़ित दलित परिवार पर दर्ज झूठा मामला तुरंत रद्द किया जाए। साथ ही, अत्याचार करने वाले व्यक्ति के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (एससी/एसटी एक्ट) के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। जिला प्रधान सुखदेव सिंह माणूंके ने इसे गंभीर अन्याय बताया। यूनियन मशाल के नेता मदन सिंह ने चेतावनी दी कि यदि झूठा मामला रद्द नहीं किया गया तो संगठन आगे के संघर्ष में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगा।
एसएसपी ने दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन प्रदर्शन के दौरान, एसएसपी लुधियाना देहाती डॉ. अंकुर गुप्ता ने संगठन के नेताओं और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर जसवीर कौर, बब्बी कौर, परमजीत कौर, सिमलो कौर सहित कई अन्य दलित व मजदूर महिलाएं मौजूद थीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *