लूटपाट और छेड़खानी पर कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने घेरा कलेक्टोरेट

भास्कर न्यूज| महासमुंद शहर समेत आसपास के इलाके में इन दिनों लूटपाट और स्कूली व महिलाओं से हो रही छेड़छाड़ की घटना से ग्रामीण खासे परेशान हैं। ये घटनाएं बीते 1 साल से हो रही है। स्थिति ये है कि लोग अब मार्ग से अकेले आने जाने से घबराते हैं। शाम 5 बजते ही लोगों की आवाजाही बंद हो जाती है। महासमुंद से चोरभट्ठी सोरिद मार्ग स्कूली बच्चियों और ग्रामीण महिला पुरुष के साथ हो रही लूट-पाट और छेड़छाड़ को रोकने को लेकर गुरुवार को जनपद सदस्य सुधा योगेश्वर चन्द्राकर के नेतृत्व में ग्राम सोरिद के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी शामिल हुए। दोपहर करीब 1 बजे 300 से ज्यादा ग्रामीण और स्कूली बच्चे जनपद पंचायत के पास इकट्ठा हुए। जहां पैदल 1 किमी चलकर कलेक्ट्रेट पहुंची। इसके पूर्व पुलिस के जवानों ने गेट में सभी को रोक लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने लोगों के साथ हो रही लूटपाट और छात्राओं के साथ हो रही छेड़खानी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी करते नजर आए। इसके बाद ग्रामीण एसपी से मिलने पहुंचे। एसपी की अनुपस्थिति में ग्रामीणों ने एडिशनल एसपी से मुलाकात कर समस्या बताई। जिस पर एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर ग्रामीण शांत हुए। इस मौके पर दुष्यंत चन्द्राकर, प्रहलाद ध्रुव, सोरिद सरपंच जानकी ध्रुव, गणेश, अशोक चन्द्राकर, सियाराम विश्वकर्मा, परस यादव, सोमेश यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *