लूट के मामले में धौलपुर पुलिस का जवान गिरफ्तार:उत्तर प्रदेश पुलिस ने पकड़ा, लूटा गया मोबाइल और नकदी बरामद

आगरा जिले की निबोहरा थाना पुलिस ने क्षेत्र में मोबाइल और नकदी की लूट करने के मामले में धौलपुर पुलिस के एक सिपाही को गिरफ्तार किया है। आरोपी सिपाही धौलपुर जिले के राजाखेड़ा थाने में तैनात था, जो ड्यूटी से 15 दिन से गैर हाजिर चल रहा था। गिरफ्तार किए गए सिपाही के पास से लूट का मोबाइल और नकदी बरामद की गई है। प्रभारी निरीक्षक निबोहरा जय नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में चैकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि क्षेत्र में लूट करने वाला आरोपी शहवेद चौराहे के पास खाद की दुकान पर खड़ा है। पुलिस टीम बताए स्थान पर पहुंची। एक युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसको दबोच लिया गया। उसने अपना नाम प्रशांत कुमार मीना पुत्र रतन सिंह निवासी मोठियापुरा, थाना सरमथुरा, जिला धौलपुर बताया। उसके कब्जे से लूट का मोबाइल और 3020 रुपए बरामद हुए। आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उसने अपने साथी अंकी उर्फ अंकित पुत्र हरिओम निवासी बैरागी मौहल्ला हाट मैदान राजाखेड़ा (धौलपुर) के साथ मिलकर तीन माह पूर्व लालपुरा चौराहे से एक व्यक्ति से एक मोबाइल और 20 हजार रुपए की लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस वांछित अंकी उर्फ अंकित की तलाश कर रही है। निरीक्षक अपराध मोहम्मद असिफ ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी प्रशांत राजस्थान पुलिस का सिपाही है। वह सन 2018 में राजस्थान पुलिस में भर्ती हुआ था, जो वर्तमान में थाना राजाखेड़ा की हाट मैदान चौकी पर तैनात है। वह पिछले 15 दिन से गैर हाजिर चल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *