भास्कर न्यूज| जांजगीर बाइक से घर वापस लौट रहे युवक को तीन युवकों ने कमरीद गांव के माइनर नहर के पास बाइक रुकवाईं और उसके साथ मारपीट कर 50 हजार रुपए से भरे बैग को लूट कर भाग निकले। इधर वारदात के बाद पुलिस ने मामले मेंे दो फरार आरेापियों को गिरफ्तार किया है। मामला सारागांव थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार सारागांव का रहने वाला युवक केशव करियारे 15 दिसम्बर की रात अपनी बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था। वह रात लगभग साढ़े 8 बजे कमरीद मेन रोड के पास से गुजरी माइनर नहर के पास पहुंचा था, इसी बीच तीन अज्ञात आरोपी उसके पास पहुंचे और उसका रास्ता रोककर उसके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। मारपीट कर बैग में रखा 50 हजार रुपए नगद लूटकर भाग निकले। इधर वारदात के बाद केशव थाना पहुंचा और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने केशव करियारे की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियांे के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर संदेही गौद निवासी दीपक कुमार कश्यप उर्फ पिंटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ मंे उसने अपने दो अन्य दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की थी। पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था, वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी बीच पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मामले में फरार आरोपी गौद निवासी कोमल कश्यप (24 साल) और राहुल कुमार निर्मलकर (22 साल) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।


