लेक्चरर जसपाल ने चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

जालंधर| मेहर चंद पॉलिटेक्निक कॉलेज के लेक्चरर और जनता कॉलोनी निवासी जसपाल सिंह ने हिमाचल प्रदेश में आयोजित तीसरी नॉर्थ इंडिया स्ट्रेंथ लिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश स्ट्रेंथ लिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा इंडियन स्ट्रेंथ लिफ्टिंग फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित की गई थी। 85 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लेते हुए जसपाल ने इन्क्लाइंड बेंच प्रेस स्पर्धा में 130 किलोग्राम भार उठाकर पहला स्थान हासिल किया। जसपाल ने बताया कि उन्होंने कुछ वर्ष पहले केवल शारीरिक फिटनेस के लिए वेटलिफ्टिंग शुरू की थी, लेकिन समय के साथ यह रुचि एक गहरी पावरलिफ्टिंग के जुनून में बदल गई। इससे पहले फरवरी में वे मलेरकोटला में वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग कांग्रेस (डब्लयूपीसी) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। हाल ही में संपन्न नॉर्थ इंडिया चैंपियनशिप में विभिन्न राज्यों के शीर्ष एथलीटों ने भाग लिया, जिससे जसपाल की जीत और भी खास बन गई है। साथी खिलाड़ियों के साथ गोल्ड मेडलिस्ट जसपाल सिंह।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *