पत्नी से विवाद के बाद पति ने जहर खा कर अपनी जान दे दी। घरेलु कलह के बाद युवक ने जहर खा लिया था। ऐसे में, परिजन उसे इलाज के लिए ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला बांसवाड़ा के दानपुर थाना इलाके के हरिया पाड़ा गांव का है। देर से घर आने पर हुआ था झगड़ा जानकारी के अनुसार, हरिया पाड़ा निवासी महिपाल पुत्र मणिलाल रविवार रात अपनी दुकान से घर देरी से लौटा था। घर पहुंचते ही लेट आने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि महिपाल ने गुस्से में आकर घर में रखी जहरीली दवा पी ली। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। छोटी सरवन से उदयपुर ले गए परिजनों ने बताया कि महिपाल को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल छोटी सरवन ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल रेफर कर दिया। एमजी अस्पताल में उपचार चला, लेकिन स्थिति में सुधार न होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान सोमवार को महिपाल ने दम तोड़ दिया। महिपाल के शव को उदयपुर से वापस बांसवाड़ा लाया गया है। एमजी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। परिजनों ने घटना की जानकारी दानपुर थाना पुलिस को दे दी है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


