भास्कर न्यूज | गुमला रायडीह बीडीओ प्रधान हांसदक ने शुक्रवार दोपहर 3 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, एमटीसी, लेबर रूम, लैब, पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, जीवन रक्षक दवाओं का स्टॉक पंजी, युवा मैत्री केंद्र और कॉन्फ्रेंस हॉल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने लेबर रूम में भर्ती दो महिलाओं से बातचीत की। महिला वार्ड में प्रसव के बाद शिफ्ट की गई महिलाओं से भी हालचाल जाना। एमटीसी में प्रखंड के अलग-अलग इलाकों से आए मरीजों से दवा और पौष्टिक आहार समय पर मिलने की जानकारी ली। यह भी पूछा कि डिस्चार्ज के बाद मिलने वाली राशि बच्चों की मां को मिल रही है या नहीं। जीवन रक्षक दवाओं के स्टॉक पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड सरकार की ओर से 56 प्रकार की आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। 21 उपस्वास्थ्य केंद्रों और दो प्राथमिक उपस्वास्थ्य केंद्रों में भी ये दवाएं भेजी गई हैं।युवा मैत्री केंद्र में किशोरों और युवाओं को सलाह, सुविधा और जरूरी दवाएं दी जाती हैं। स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में जाकर समय-समय पर युवाओं को जागरूक किया जाता है। रजिस्टर और युवा मैत्री एप्लिकेशन में ऑनलाइन एंट्री की जाती है।निरीक्षण के अंत में बीडीओ प्रधान हांसदक ने डॉ. राजीव कुमार और स्वास्थ्यकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मरीजों को बेहतर सुविधा देने पर जोर दिया।


