बिलासपुर नगर निगम के सकरी में 50 करोड़ के विकास कार्य और भूमिपूजन समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के साथ ही शहर विधायक अमर अग्रवाल का नाम नहीं था। सोमवार दोपहर आयोजित यह कार्यक्रम अचानक स्थगित कर दिया गया। इसके चलते आयोजन स्थल पर सारी तैयारियां धरी-की धरी रह गई। कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने इस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिला प्रशासन को प्रोटोकॉल का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा में गुटबाजी की बारूद बिछ चुकी है। बस माचिस की जरूरत है, जिस दिन माचिस जलेगी, उस दिन विस्फोट होगा। दरअसल, नगर निगम के जोन क्रमांक एक सकरी के बचन बाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल में जिला प्रशासन ने एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया था। सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में 45 करोड़ 47 लाख 55 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन प्रस्तावित था। इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव मुख्य अतिथि होने वाले थे। जबकि, विधायक धर्मजीत सिंह को अध्यक्षता करनी थी। इसके साथ ही बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मेयर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी, बंधु मौर्य और जोन अध्यक्ष दिलीप कोरी की मौजूदगी भी तय थी। केंद्रीय राज्यमंत्री और नगर विधायक का नाम नहीं शासन-प्रशासन के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के साथ ही शहर विधायक अमर अग्रवाल का नाम नहीं था। आमंत्रण पत्र में भी उनका कोई उल्लेख नहीं था। केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने के बाद भी अपनी ही पार्टी के नेताओं का नाम नहीं होने से तरह-तरह के सवाल उठने लगे थे। मीडिया में विज्ञापन के साथ ही आयोजन स्थल पर टेंट-माइक, कुर्सी और मंच बनाने सहित सारी तैयारियां पूरी हो गई थी। लेकिन, अचानक जिला प्रशासन ने इस कार्यक्रम को स्थगित कर दिया। अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम स्थगित, कुछ नए कार्य जोड़कर करेंगे आयोजन जिला प्रशासन की तरफ से लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम स्थगित करने की सूचना दी गई, जिसमें बताया गया कि आज सकरी में आयोजित भूमिपूजन और लोकार्पण का कार्यक्रम अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है। विधानसभा क्षेत्र में कुछ नए कामों की भी स्वीकृति मिली है, जो उक्त कार्यक्रम में नहीं जुड़ पाया था। इसलिए यह निर्णय लिया गया है कि स्वीकृत हुए नए कार्यों को भी जोड़कर एक साथ बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा, जिसके लिए शीघ्र ही दूसरी तिथि निर्धारित की जाएगी। MLA अटल श्रीवास्तव ने कहा- भाजपा में बिछ चुकी है गुटबाजी की बारूद सकरी में आयोजित लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम अचानक स्थगित होने पर कांग्रेस नेता और कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि शासन का काम था, बहुत सारे विकास काम थे, शासकीय काम में विपक्ष के विधायकों को नहीं बुलाया जाता है। लेकिन, सत्ता पक्ष के वरिष्ठ और अनुभवी लोग हैं, जिन्होंने बिलासपुर को संवारा हैं, उनकी भी उपेक्षा की गई, सांसद और केंद्रीय मंत्री को नहीं बुलाया, यह समझ से परे है, प्रोटोकॉल में त्रुटि है, उसमें सुधार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उद्घाटन-भूमिपूजन में देरी हो रही है कब काम होगा और कब पूरा होगा, जनता को फायदा कब मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के अंदर गुटबाजी की बारूद बिछ चुकी है, बस माचिस की जरूरत है, जिस दिन माचिस मिलेगी उस दिन विस्फोट होगा।


