लोखंडिया में मोती माता का सात दिवसीय मेला शुरू:5 लाख श्रद्धालु पहुंचने की उम्मीद; 25 सीसीटीवी लगाए गए और अतिरिक्त पुलिस तैनात

बुरहानपुर के ग्राम लोखंडिया में आज (गुरुवार) मोती माता का सात दिवसीय मेला शुरू हो गया है। इस मेले में 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है, जो 7 जनवरी तक चलेगा। यह मेला 22 एकड़ क्षेत्र में लगाया गया है, जिसमें लगभग 12 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भक्तों द्वारा माता को डेढ़ हजार क्विंटल मिठाई चढ़ाई जाएगी। मेले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। चोरी और पॉकेटमारी जैसी घटनाओं पर नजर रखने के लिए पंचायत और मंदिर समिति ने लगभग 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। झूलों के आसपास भी कैमरे लगाए गए हैं। अग्निशमन यंत्रों की भी व्यवस्था की गई है और बाहर से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। एसडीएम-टीआई ने मेला स्थल का निरीक्षण किया
गुरुवार को नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला और खकनार थाना टीआई अभिषेक जाधव ने मेला स्थल का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के तुरंत दर्शन हो सकें, इसके लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सिरपुर मार्ग और दर्शन के बाद जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए डोईफोड़िया मार्ग निर्धारित किया गया है। मेले में तीन पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जो स्थानीय और प्रदेश के बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हैं। तहसीलदार, नायब तहसीलदार और पटवारी सहित अन्य अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि मोती माता हर मन्नत पूरी करती हैं। मन्नत पूरी होने पर भक्त यहां ‘तुलादान’ करते हैं, जिसका मंदिर में विशेष महत्व है। 2 जनवरी तक चलेगी मेला
मंदिर के पुजारी बाबू महाराज के अनुसार, भक्त बीमारी दूर करने सहित अन्य परेशानियों के लिए मन्नत मांगते हैं और समस्या दूर होने पर मिठाई से तुलादान कर माता रानी को प्रसाद चढ़ाते हैं। मेले के दौरान, पूर्णिमा के अवसर पर 3 जनवरी का दिन विशेष रहेगा। इस दिन माता का विशेष श्रृंगार कर महाआरती की जाएगी और मंदिर पर ध्वज चढ़ाया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष लक्ष्मण झामू ने बताया कि हर साल मध्य प्रदेश के साथ-साथ महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक से भी भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर ट्रस्ट सदस्य ईश्वर जाधव ने बताया कि माता को मिठाई का प्रसाद चढ़ाया जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *