लोगों की अपेक्षा-जरूरत के अनुरूप शहर के विकास की रूपरेखा बनाएं

भास्कर न्यूज |जशपुरनगर धवार की शाम कलेक्टर कार्यालय के सभागार में आयोजित जशपुर फोरम की बैठक में शहरवासियों ने अव्यवस्थित सब्जी बाजार को लेकर नाराजगी जताई और इसे व्यवस्थित करने की मांग रखी। लोगों का कहना था कि बस स्टैंड से लेकर साप्ताहिक बाजार तक सड़क के दोनों ओर सब्जी विक्रेताओं के बैठने से जाम की स्थिति बन जाती है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग परेशान हैं। बैठक की अध्यक्षता जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने की। इसमें कलेक्टर रोहित व्यास, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, एसडीएम वीएस मस्के, नगर पालिका सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय, पार्षद और नगरवासी शामिल हुए। कलेक्टर ने बताया कि शहरवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास की रूपरेखा तैयार करने के लिए जशपुर फोरम की परिकल्पना की गई है। इसी साल जनवरी में पहली बैठक हुई थी। उन्होंने सीएमओ को पहली बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की जानकारी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। बैठक में नगर पालिका क्षेत्र के विस्तार की मांग भी उठी। विकास कार्यों के लिए जमीन की कमी और लंबे समय से सीमा विस्तार न होने का उल्लेख करते हुए सुझाव दिया गया कि पुरनानगर, बाधरकोना, जुरगुम, बालाछापर, गम्हरिया और अन्य पंचायतों को नगर पालिका में शामिल किया जाए। कलेक्टर ने बताया कि अधिसूचित क्षेत्र होने के कारण पंचायतों की सहमति जरूरी । इस पर संबंधित जनप्रतिनिधियों से चर्चा करने का निर्णय हुआ। बैठक के अंत में कलेक्टर ने मतदाता सूची में नाम की पुष्टि और नगर पालिका में टैक्स जमा करने की अपील की। स्वच्छता रैंकिंग सुधार के लिए सामूहिक प्रयास पर भी जोर दिया। सीएमओ ने बताया कि पहली बैठक में चौपाटी निर्माण, बाजार को व्यवस्थित करने, चौक-चौराहों के संवारने, गम्हरिया के जर्जर पुल का जीर्णोद्धार, बांकी टोली में जल आपूर्ति सुधार, ऑटो स्टैंड को व्यवस्थित करने और अतिक्रमण हटाने पर सहमति बनी थी। अमृत मिशन 2.0 के तहत सरकार ने 86 करोड़ की स्वीकृति दी है। निविदा प्रक्रिया पूरी हो रही है और 8 दिसंबर को टेंडर खोला जाएगा। लावा नदी योजना के तहत 102 किमी पाइपलाइन विस्तार और 5 नई पानी टंकियों का निर्माण होगा। इससे जल समस्या काफी हद तक दूर होगी। शहर के अटल आवास के पास ऑडिटोरियम निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। कन्या स्कूल के पास 11 करोड़ की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण कार्य जारी है। कलेक्टर ने सीएमओ को एक साल में निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया। चौपाटी और तालाब सफाई के लिए प्रस्ताव तैयार हो रहा है। बस स्टैंड के ड्राइंग डिजाइन के लिए आर्किटेक्ट बुलाया गया है। कलेक्टर ने सभी प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिए भेजने का निर्देश दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *