पाटन| उपायुक्त पलामू के आदेशानुसार जिले के आदिवासी बहुल पंचायतों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आदि जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को पाटन प्रखंड कार्यालय सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। प्रशिक्षण के पहले दिन पाटन प्रखंड के आदिवासी बहुल गांवों से आए लगभग 50 आदि कर्मयोगियों ने भाग लिया। उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य, जलापूर्ति और कल्याण विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अलावा, आवेदन की प्रक्रिया, पात्रता मानदंड और समय सीमा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रशिक्षण सत्र का संचालन प्रखंड आवास समन्वयक शिवम जयशवाल, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अजीत मिश्रा और मनरेगा कंप्यूटर ऑपरेटर धीरज सिंह ने किया। शिवम जायसवाल ने कहा, आदि कर्मयोगी अभियान का उद्देश्य सिर्फ जानकारी देना नहीं, बल्कि ग्रामीणों को इस काबिल बनाना है कि वे खुद योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं और अपने गांव के अन्य लोगों को भी प्रेरित करें। हमारा प्रयास है कि कोई भी पात्र लाभुक योजना से वंचित न रहे।


