लोनर हाथी ने ​मिनी राइस मिल व पोल्ट्री फार्म को किया तहस-नहस

भास्कर न्यूज| जशपुरनगर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में आक्रामक दंतैल हाथी परेशान कर रहा है। सोमवार की रात डूमरबहार के कृषि विज्ञान केंद्र में लोनर हाथी ने घंटों तांडव मचाया। हाथी न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि सुरक्षा में तैनात वनकर्मियों को भी दौड़ा-दौड़ा कर मारने की कोशिश की है। सोमवार की ​आधी रात दंतैल हाथी कृषि विज्ञान केंद्र के परिसर में मुख्य गेट तोड़कर दाखिल हुआ। हाथी ने यहां मिनी राइस मिल और पोल्ट्री फार्म को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। गनीमत रही कि कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। हाथी ने परिसर में रखा सामान और ढांचों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिससे विभाग को लाखों का नुकसान हुआ है। इलाके में पिछले 11 दिन से जारी तोड़-फोड़ से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह अकेला दंतैल कई दिनों से इलाके में डेरा जमाए हुए है। डूमरबहार और आस-पास के गांवों के लोग रातभर जागकर पहरा देने मजबूर हैं। घरों को तोड़ने के साथ हाथी खेतों में खड़ी फसलों को भी बर्बाद कर रहा है। ​वन विभाग ने हाथी की लोकेशन ट्रैक करने के लिए अतिरिक्त निगरानी दल तैनात किए हैं। पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के अधिकारियों ने विशेष एडवाइजरी जारी की है कि ग्रामीण रात या फिर तड़के जंगल की ओर या सुनसान रास्तों पर न जाएं। हाथी को देखने पर शोर न मचाएं और न ही पत्थर मारकर भगाने की कोशिश करें।​ कच्चे घरों में रहने वाले ग्रामीण रात में गांव के स्कूल या पक्के सामुदायिक भवनों में सोएं। विभाग हाथी को जंगल खदेड़ने का कर रहा प्रयास ​वन विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है ताकि कृषि विज्ञान केंद्र और प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा दिलाया जा सके। वन विभाग के एसडीओ केएस कंवर के अनुसार दंतैल को आबादी वाले क्षेत्र से खदेड़कर गहरे जंगल की ओर भेजने की रणनीति बनाई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *