छतरपुर में एक ही परिवार के 4 लोगों ने जहर खा लिया। इसमें किसान प्रकाश अहिरवार (35) उनके दो वर्षीय बेटे निहाल की मौत हो गई। पत्नी नंदिनी (29) और बड़े बेटे तनिष्क का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना ओरछा रोड थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात की है। प्रकाश ने खेती के लिए ट्रैक्टर कर्ज पर लिया था। लगातार फसल खराब होने के कारण वे किस्त नहीं चुका पाए। दो दिन पहले ट्रैक्टर कंपनी के कर्मचारी घर पहुंचे और 30-40 हजार रुपए की किश्त जमा करने का दबाव बनाया। किस्त नहीं चुकाने पर ट्रैक्टर ले जाने की धमकी भी दी गई थी। परिजन बोले- खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजन के मुताबिक, प्रकाश रात में टीवी सुधरवा कर लेकर आया। इसके बाद परिवार ने साथ खाना खाया। बाकी के लोग सो गए। कुछ देर में पता चला कि प्रकाश को पेट में तेज दर्द होने लगा। हमें लगा साधारण दर्द होगा। सुबह तक ठीक नहीं होगा तो अस्पताल ले जाएंगे। लेकिन रात में ही उनकी हालत गंभीर हो गई। हम उन्हें अस्पताल ले गए। वहां जाकर प्रकाश और निहाल ने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर की किस्त जमा नहीं की तो कंपनी वाले धमकाकर गए थे कि ट्रैक्टर को उठा ले जाएंगे। कंपनी वालों ने जबरन लगवा लिया अंगूठा
परिजनों के मुताबिक ट्रैक्टर कंपनी वालों ने एक आवेदन लिखा। इस पर पति और पत्नी से जबरन अंगूठा और साइन करवा लिए। आवेदन में लिखा कि है- विनम्र निवेदन है कि मैंने टीवीएस कांट्रैक्ट से तीन किस्तों में ₹4,00,000 (चार लाख) की राशि ली थी। लेकिन मेरा सेठ मुझसे पहले मर चुका है और उस पर हुआ ऋण 2 महीने नहीं दे पाया हूं। इस समय 25-09-25 को 12 बजे तक हुआ amount (राशि) मैं चुका दूंगा। यदि नहीं चुकाया तो मेरे पास कोई भी समाधान का माध्यम नहीं है। 25-09-25 तक का समय साहब से चाहता हूं, अगर न दिया तो आप पहले ही मेरे ट्रैक्टर, मकान, खेत, जमीन रोक लें। मैंने लड़कों से झगड़े रोक दिए हैं। डॉक्टर बोले- बच्चे की हालत नाजुक
डॉ. आशीष शुक्ला ने बताया कि परिवार ने रात में आलू की सब्जी खाई थी। इसके बाद सभी को उल्टियां होने लगीं। महिला की हालत फिलहाल स्थिर है, जबकि बच्चे की स्थिति नाजुक बनी हुई है। सीएसपी ने कहा- जांच के बाद कार्रवाई
सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह खबर भी पढ़ें
बैंक कर्मचारियों ने पिता-पुत्र पर खौलता पानी फेंका, झुलसे:सतना में ईएमआई नहीं भरने पर गालियां दी सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में किस्त वसूली को लेकर हुए विवाद में फाइनेंस बैंक के कर्मचारियों ने पिता-पुत्र पर खौलता पानी फेंक दिया। इस घटना में राजेंद्र प्रसाद सोनी(63) और उनके बेटे निशांत सोनी गंभीर रूप से झुलस गए। पढ़ें पूरी खबर


