मुंगेली जिले के लोरमी राजस्व विभाग में पिछले 15 दिनों से पटवारियों और राजस्व निरीक्षकों (RI) की हड़ताल आज खत्म हो गई है। वे तहसीलदार शेखर पटेल को हटाने की मांग कर रहे हैं। इस मामले में अब भाजपा नेता रवि शर्मा ने भी हस्तक्षेप किया है। अधिवक्ता और भाजपा किसान मोर्चा दुर्ग जिला सह प्रभारी रवि शर्मा ने राजस्व विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कलेक्टर के नाम एक 13-सूत्रीय ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को सौंपा है। शर्मा ने राजस्व विभाग में ‘अराजकता और अव्यवस्था’ का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के कारण राजस्व संबंधी कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि गरीब और किसानों की सुनवाई नहीं हो रही है और उन्हें अपने कामों के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उन्हें बर्खास्त करने की भी मांग की है। ज्ञापन में जांच की मांग करते हुए कई बिंदु उठाए गए हैं। इनमें तहसील कार्यालयों में पीठासीन अधिकारी और बाबू का कार्यालयीन समय में उपस्थित न रहना, अधिकांश पटवारियों का निर्धारित हल्का छोड़कर अन्य स्थानों पर कार्यालय खोलना, और राजस्व प्रकरणों में पक्षकारों व वकीलों को अधिकारियों की अनुपस्थिति में घंटों इंतजार कराना शामिल है। कई आरोपों की जांच की मांग इसके अलावा, समय पर सीमांकन प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत न होना, लंबित सीमांकन आवेदनों पर कार्रवाई न होना, राजस्व प्रकरणों का पंजीयन आदेश के समय ही किया जाना, और अधिकारियों द्वारा बिना प्रक्रिया का पालन किए आदेश पारित करना भी आरोपों में शामिल है। वकीलों और आम लोगों को नकल/सीमांकन प्रतिवेदन की सत्यप्रतिलिपि के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। तहसीलदार के खिलाफ हड़ताल बता दें कि बीते 29 जनवरी से लोरमी तहसील के पटवारी और आरआई, लोरमी तहसीलदार शेखर पटेल के खिलाफ लामबंद होते हुए हड़ताल पर हैं। वहीं इनके हड़ताल के समर्थन में 11 फरवरी से जिले भर के पटवारी और आरआई हड़ताल पर चले गए है। जिससे पूरे मुंगेली जिले के राजस्व विभाग के काम बुरी तरह प्रभावित हो गए हैं।


