लोरमी में 264 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त:फर्म का ताला तोड़कर प्रशासन ने की कार्रवाई, धान की कीमत 8.20 लाख से ज्यादा

मुंगेली में अवैध धान के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने आविदा फूड ग्रेन्स सारधा पर छापा मारा। इस दौरान फर्म का ताला तोड़कर 264 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त किया गया। लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी ने बताया कि जब्त किए गए धान में एक पिकअप और एक माजदा गाड़ी में भरे 661 बारदाने शामिल थे। इस धान को कृषि उपज मंडी, लोरमी के सुपुर्द कर दिया गया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत 8 लाख 20 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। अवैध धान के भंडारण और परिवहन को रोकने प्रशासन सख्त जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़सेना ने जानकारी दी कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध धान के भंडारण और परिवहन को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। जिले की सीमाओं और चेक पोस्ट पर चौकसी बढ़ा दी गई है और 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके तहत संदिग्ध वाहनों और परिवहन गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पारदर्शी और निष्पक्ष धान खरीदी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की टीम लगातार निगरानी कर रही है। सभी आंतरिक चेक पोस्ट पर भी टीमें तैनात की गई हैं, जो रात्रिकालीन गश्त के साथ संदिग्ध वाहनों की सघन जांच कर रही हैं और मंडी अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई कर रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *