भास्कर न्यूज | जालंधर दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान ने विधिपुर आश्रम में “कन्या बचाओ अभियान’ के अंतर्गत लोहड़ी मनाई। दिव्य आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी पल्लवी भारती ने आध्यात्मिक और सामाजिक भौतिक रहस्य बताया। साध्वी पल्लवी भारती ने बताया कि आज हमारे समाज में कन्या भ्रूण हत्या एक दारुण अभिशाप बन चुका है। शिक्षित व सभ्य दंपती तक नन्ही कली का गर्भपात कराने से नहीं चूकते। यह कन्या भ्रूण हत्या मानव जाति के माथे पर लगा एक ऐसा बदनुमा दाग है, जिसकी कालिख का रंग दिन-ब-दिन गहरा होता जा रहा है। कन्या भ्रूण हत्या के कारण समाज में असंतुलन की स्थिति होती जा रही है। यदि यह असंतुलन समाज में ऐसे ही बढ़ता रहा तो समाज में आपराधिक वृत्तियां भी बढ़ेंगी। साध्वी ने कन्या भ्रूण हत्या के कारण के विषय में बताते हुए कहा कि समाज में कन्या भ्रूण हत्या का प्रमुख कारण लोगों की अज्ञानता है। जिसके कारण लोग सोचते हैं कि एक लड़का ही कुल का नाम रोशन करता है। परंतु यह सत्य नहीं है। आज इतिहास व वर्तमान समय के ऐसे अनगिनत उदाहरण हैं, जिसमें कुल का नाम बेटों से नहीं बेटियों से हुआ। इस मौके पर साध्वी जगदीशा भारती, साध्वी रीता भारती, साध्वी त्रिनेना भारती, साध्वी पल्लवी भारती, साध्वी शशि प्रभा भारती, साध्वी वसुधा भारती, साध्वी सुखबीर भारती, साध्वी रीना भारती आदि मौजूद रहे। संगत ने प्रवचनों का आनंद लिया।


