लोहरदगा में इग्नू का अध्य्यन केंद्र बहुत सफल : डॉ. रागिनी

भास्कर न्यूज|लोहरदगा बीएस कॉलेज लोहरदगा के इग्नू अध्ययन केंद्र में गुरुवार को इंडक्शन बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य-सह-समन्वयक डॉ. शशि कुमार गुप्ता ने की। इस बैठक में जुलाई सत्र में नामांकन लेने वाले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि इग्नू रांची क्षेत्रीय केंद्र की उप निदेशक (डिप्टी डायरेक्टर) डॉ. रागिनी थीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इग्नू वास्तव में जन-जन का विश्वविद्यालय है, जिसकी शिक्षा प्रणाली अंतरराष्ट्रीय स्तर की मानी जाती है। भारत के सभी राज्यों के साथ-साथ कई विदेशी देशों में भी इग्नू से जुड़कर विद्यार्थी विभिन्न विषयों, तकनीकी ज्ञान और प्रबंधकीय शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। डॉ. रागिनी ने नए छात्रों का स्वागत करते हुए इग्नू की मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली की मुख्य विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इग्नू की शिक्षा पद्धति लचीली, सुलभ और सभी वर्गों के लिए उपयुक्त है। छात्रों को सहपाठियों के साथ संवाद बढ़ाने, एक-दूसरे का सहयोग करने और समूह अध्ययन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रांची क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत बीएस कॉलेज लोहरदगा का इग्नू अध्ययन केंद्र एक बड़ा और सफल केंद्र है। समन्वयक डॉ. शशि कुमार गुप्ता के नेतृत्व में यह केंद्र लगातार प्रगति कर रहा है और यहां विद्यार्थियों की संख्या उल्लेखनीय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *