भास्कर न्यूज|लोहरदगा/भंडरा 1857 के वीर शहीद पांडेय गणपत राय की 217वीं जयंती पर शनिवार को जिलेवासियों ने उन्हें नमन किया। जयंती के मौके पर उनके पैतृक गांव भंडरा प्रखंड के भौंरो गांव में जयंती सह विकास मेला का आयोजन शनिवार को किया गया। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद दीपक प्रकाश, विशिष्ट अतिथि गौ रक्षा समिति के प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद, उपायुक्त डॉ. ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, रांची के मशहूर न्यूरो सर्जन सीपी सहाय व पांडेय गणपत राय की परपोती डॉ. वंदना राय स्थानीय मुखिया सुमंती तिग्गा व अन्य अतिथि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम शुभारंभ से पहले ने पांडेय गणपत राय की आदमकद प्रतिमा पर सभी अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। कार्यक्रम में कस्तूरबा आवासीय विद्यालय भंडरा व मध्य विद्यालय भौरों की छात्रों द्वारा स्वागत गान सहित अन्य गीत संगीत प्रस्तुत कर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। मौके पर शहीद पांडेय गणपत राय स्मारक समिति की अध्यक्ष वंदना राय, उपाध्यक्ष संजय खत्री, पद्मश्री मधू मंसूरी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अंजना दास, बीडीओ प्रतिमा कुमारी, सीओ दुर्गा कुमार, राजेश लाल, प्रणव कुमार बब्बू, सुनील सहाय, संजय सिन्हा (छोटू लाल), सीमा सिन्हा, गणेश लाल, बालकृष्णा सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इधर विधायक सह मंत्री के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों में चर्चा रही। विकास मेला में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाया गया। इस वर्ष पीएनबी एवं बैंको के स्टॉल मेला में नहीं लगने से स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद दीपक प्रकाश ने जिला प्रशासन व आयोजन समिति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा की शहीद की माटी को नमन करता हूं। शहीद के भूमि से हमें नई ऊर्जा मिलती है। शहीद पांडेय गणपत राय ने देश की गुलामी से आजादी दिलाने का काम किया। कहा अभी भी बहुत से गुमनाम शहीद को हमें याद करने की जरुरत है। उन्होंने बताया की लोहरदगा रेलवे स्टेशन का नाम शहीद पांडेय गणपत राय के नाम हो इसके लिए हमने रेल मंत्री व भारत सरकार से मांग की है। मौके पर परिसम्पत्ति का वितरण किया गया। जिसमें लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं एक अंबेडकर आवास योजना के लाभुक को स्वीकृति प्रमाण पत्र दिया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग के चार लाभुक, बाल विकास के एक लाभुक एवं पांच लोगो को पेंशन की स्वीकृति प्रमाण पत्र दिया गया। दर्जनों लाभुकों को जाति आवासीय प्रमाण वितरण किया गया। जबकि अतिथियों 10 गरीब असहायों के बीच कंबल का किया गया। कार्यक्रम मे शहीद पाण्डेय गणपत राय के परिजन पहुंचकर शहीद को श्रद्धांजलि दी। परिजनों में वंदना राय, संध्या रानी, अरविंद रौशन, शब्य्या राय, संजय सिंह, संगीत सिंह, राजेश्वर नाथ आलोक, राजेश कुमार लाल, पीएन राय आदि शामिल थे। उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा की इतिहास के उन सभी शहीदों के आदर्श व सोच को आज के युवाओं को आत्मसात करने की जरूरत है। उन्होंने कहा की हम सब में भी शहीद की झलक दिखनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा की शहीद की शहादत को नई पीढ़ी और समाज को बताए जाए। जिससे युवा पीढ़ी मे देश प्रेम जागृत हो। विशिष्ट अतिथि गौ रक्षा समिति के प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा कि गणपत राय के जीवनी पाठ पुस्तक में होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने शहीद पांडेय गणपत राय की जयंती को राजकीय त्यौहार घोषित करने की मांग सरकार से की। कार्यक्रम में अन्य अतिथि ने शहीद की जीवनी से सीख लेने की अपील की। स्मारक समिति की अध्यक्ष डॉ. वंदना राय ने कहा कि गांव में पूर्व में काफी समस्या थी जो कुछ हद तक ठीक हुई है पर अभी भी कुछ जन समस्याएं है, उन्हें सरकार दूर करें। तभी शहीद की सच्ची श्रद्धांजलि हो सकती है।


