लोहरदगा से गुमला पहुंचा 22 हाथियों का झुंड:वीडियो बनाने के लिए पास जाते दिखे लोग, झुंड में हाथियों के छोटे बच्चे भी हैं शामिल

गुमला का भरनो प्रखंड में गुरुवार को 22 हाथियों का झुंड पहुंचा है। हाथी लोहरदगा जिले की ओर से अम्लीय क्षेत्र में आए हैं। इधर, हाथियों को देखने और उनका वीडियो बनाने के लिए लोग उनके पास जाते भी नजर आए, जो खतरनाक हो सकता है। हाथियों के झुंड में छोटे बच्चे भी हैं और उनकी सुरक्षा को देखते हुए हाथी लोगों पर हमला कर सकते हैं। इधर, ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथियों को गांव में प्रवेश करने से रोक दिया। हाथी आसपास के सीमावर्ती जंगलों में डेरा डाले हुए हैं। ग्रामीणों से हाथियों के पास न जाने की अपील
ग्रामीणों के अनुसार, लोहरदगा जिले की ओर से छोटे-बड़े करीब 22 हाथियों का यह झुंड क्षेत्र में प्रवेश किया है। हाथियों के आने से ग्रामीण और किसान दहशत में हैं। जंगली हाथियों के झुंड की सूचना मिलते ही स्थानीय वन कर्मी सक्रिय हो गए हैं। वन विभाग की टीम हाथियों की रेकी कर रही है। जिला वन पदाधिकारी बेलाल अहमद ने ग्रामीणों से हाथियों के पास न जाने की अपील की है। बेलाल अहमद ने बताया कि विभाग पूरी तरह सक्रिय है और सभी वन कर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है। ग्रामीणों को अप्रिय घटना से बचाने के लिए उन्हें हाथियों से दूर रहने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। धान की फसल को नुकसान हुआ था
यह भी बताया गया है कि पूर्व में भी 22 हाथियों का एक झुंड इस क्षेत्र में सक्रिय हुआ था। तब वे दो-तीन दिनों तक डेरा डाले रहे थे, जिससे धान की फसल को नुकसान हुआ था। हाथी भगाओ दस्ते द्वारा उन्हें सुरक्षित क्षेत्र की ओर पहुंचाया गया था। इधर, ग्रामीणों का कहना है कि उनके खेतों में आलू, गोभी, मटर जैसी सब्जियों के अलावा गेहूं और रबी की फसलें लगी हुई हैं। हाथियों के झुंड से उन्हें भारी नुकसान होने की आशंका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *