भास्कर न्यूज | राजनांदगांव शहर के मोहारा मंडई मेला स्थल पर आयोजित विश्वकर्मा जयंती उत्सव व युवक-युवती परिचय सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन रविवार की रात किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने लोहार समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन ने सभी को भगवान विश्वकर्मा जयंती की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि झेरिया लोहार विश्वकर्मा समाज मेहनतकश एवं परिश्रमी समाज है। वैदिक काल से आज तक देश की सामाजिक संरचना में इस समाज का महत्व एवं योगदान रहा है। पौनीपसारी का कार्य करते हुए लोहार समाज गांव-गांव के विकास के साथ ही अस्त्र-शस्त्र के निर्माण का कार्य कर रहे हैं। तकनीकी दृष्टिकोण से सक्षम समाज है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की अद्भुत सृजनशीलता से उन्होंने मानव जीवन को रास्ता दिखाया तथा कला परिश्रम के माध्यम से विश्व का सृजन किया। लोहार समाज देश के विकास में अपनी भागीदारी और योगदान निभा रहा है। सरकार द्वारा विकास के दृष्टिकोण से अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों की सहायता के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना लागू है। समाज के बुजुर्ग अपना मार्गदर्शन दे रहे हैं विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह ने कहा कि लोहार समाज एक अद्भुत समाज है, जहां समाज के बुजुर्ग मार्गदर्शन दे रहे हैं और लंबित मामलों का निर्णय समाज में बैठकर समस्या को सुलझाने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवक-युवती परिचय सम्मेलन के बाद सामूहिक विवाह का निर्णय भी ले। जो समाज शिक्षित एवं संस्कारित होता है, वह आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि प्रफुल्ल विश्वकर्मा को छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम में महिलाओं को सम्मानित किया इस अवसर पर छन्नी, झेझरी, औजार निर्माण कार्य कर अपनी आजीविका चलाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष लोहारा विश्वकर्मा समाज धनीराम विश्वकर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष लोहार विश्वकर्मा समाज बाबूलाल विश्वकर्मा, जिला अध्यक्ष लोहार विश्वकर्मा समाज राधेलाल विश्वकर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर समाज सेवी कोमल सिंह राजपूत, जिपं अध्यक्ष किरण वैष्णव, रविन्द्र वैष्णव, पार्षद आलोक श्रोती, गोलू गुप्ता मौजूद रहे।


