लोहे की रॉड और तेजधार हथियारों से किया हमला, महिला समेत 4 घायल

भास्कर न्यूज |लुधियाना जमालपुर इलाके के गांव में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक परिवार के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में 60 वर्षीय महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान सिया देवी (60), सागर (17), मोहन (27) और सानीया (28) निवासी गांव कुलीएवाल, जमालपुर के रूप में हुई है। सभी घायलों को देर रात सिविल अस्पताल लुधियाना लाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान घायल सानीया ने बताया कि करीब दो दिन पहले पड़ोसियों के साथ मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे थे। सानीया के मुताबिक शनिवार रात आरोपी अपने साथियों के साथ जबरन उनके घर में घुस आए और तेजधार हथियारों, लोहे की रॉड और कड़ों से हमला कर दिया। हमले में आरोपियों ने सानीया की मां और दो भांजों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को देर रात अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों के सिर में गहरे घाव थे, जिसके चलते टांके लगाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पीड़ित परिवार की ओर से मामले की जानकारी थाना जमालपुर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *