अंबिकापुर | प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय अंबिकापुर में ब्रह्माकुमारी संस्था के संस्थापक पिता ब्रह्मा बाबा का 57वां पुण्य स्मृति दिवस विश्व शांति दिवस के रूप में श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में मनाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाई-बहन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ब्रह्माकुमारी संचालिका बीके विद्या दीदी ने ब्रह्मा बाबा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म वर्ष 1876 में सिंध प्रदेश में हुआ था। उनका लौकिक नाम लेखराज कृपलानी था और वे एक सफल हीरा व्यापारी थे। उस समय समाज में महिलाओं की स्थिति अत्यंत कमजोर थी और आध्यात्मिक जागरूकता का अभाव था। ऐसे दौर में 60 वर्ष की आयु में उन्हें परमात्मा के दिव्य साक्षात्कार हुए, जिससे उनके जीवन में महान परिवर्तन आया। गहन आध्यात्मिक अनुभवों के बाद उन्होंने अपना व्यवसाय त्याग कर अपना सम्पूर्ण जीवन परमात्मा की सेवा में समर्पित कर दिया और ब्रह्माकुमारी संस्था की स्थापना की।


