वनमंत्री कश्यप ने किए मावली माता के दर्शन, 2.35 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया

भास्कर न्यूज | नारायणपुर नारायणपुर में आयोजित मावली मेले में वनमंत्री केदार कश्यप व जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा शामिल होने पहुंचे। उन्होंने आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बस्तर की संस्कृति को जानने नारायणपुर का मावली माता मेला हर किसी को देखना चाहिए। बस्तर के लोगों का मड़ई-मेला लोककला और संस्कृति का संगम है। उन्होंने मेले में लगी दुकानों व विभागों के स्टॉल्स को देखा और दुकान से पूजा सामग्री भी खरीदी। इसके साथ ही उन्होंने 1.76 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और 59.51 लाख के कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री के घोषणा के अनुसार 10 प्राथमिक शाला भवन निर्माण का भूमिपूजन इस दौरान किया गया। इसमें हर शाला भवन का निर्माण 14.16 लाख रूपये की लागत से किया जाएगा। ऐसे में कुल 1.41 करोड़ रूपए की लागत से स्कूल भवनों का निर्माण होगा। इसके अलावा ओरछा जनपद के कुतुल, जाटलूर में 2-2 बाजार शेड का निर्माण 34.99 लाख रूपये से किया जाएगा। नारायणपुर जनपद में 59.51 लाख की लागत से बागडोंगरी, पालकी और महिमागवाड़ी में बनाए गए खाद्यान्न भवनों, नेलवाड़ और खोड़गांव में 100 मीट्रिक टन गोदाम का लोकार्पण किया गया। इस दौरान लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिपं अध्यक्ष नारायण मरकाम, नपा अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, छोटेडोंगर सरपंच संध्या पवार, जपं अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, कलेक्टर नम्रता जैन, एसपी रॉबिनसन गुरिया, जिपं सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, सहायक आयुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह, नपा सीएमओ आशीष कोर्राम सहित अन्य मौजूद थे। मावली माता मंदिर में ज्योति कलश भवन निर्माण करने 10 लाख देने वनमंत्री ने की घोषणा: मावली माता मंदिर में दर्शन के दौरान वनमंत्री कश्यप ने भक्तों की सुविधाओं और धार्मिक आस्था के संरक्षण को देखते हुए ज्योति कलश भवन निर्माण के लिए 10 लाख रूपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही पार्षद कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शामिल होकर उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और टीम भावना से भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने प्रेरित किया। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वनमंत्री केदार कश्यप ने पुलिस लाइन पहुंचकर डीआरजी को नक्सल उन्मूलन अभियान के लिए 200 बाइक दी और हरी झंडी दिखाकर जवानों को रवाना किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा बलों को आधुनिक संसाधनों से लैस कर नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने जवानों की तत्परता और साहस से क्षेत्र में शांति और विकास का वातावरण और मजबूत होने का विश्वास जताया। नारायणपुर। मावली माता के दर्शन करते वन मंत्री व प्रभारी मंत्री।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *