वनरक्षक पर हमला, अवैध ट्रैक्टरों की तलाश जारी:वन विभाग की 3 रेंजर सहित 50 से अधिक स्टाफ सर्चिंग में जुटा

उमरिया जिले में वनरक्षक पर खनन माफियाओं द्वारा हमला करने के मामले में वन विभाग की टीम अवैध रेत से लदे ट्रैक्टरों की तलाश में जुटी है। इस घटना में वनरक्षक घायल हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 27 सितंबर को चंदिया वन परिक्षेत्र के सलैया गांव में हुई थी। वनरक्षक रमाशंकर चौधरी के साथ खनन माफियाओं ने मारपीट की थी, जिसमें उनके सिर पर चोट आई थी। हमलावर मौके से अवैध रेत से भरे ट्रैक्टरों को लेकर फरार हो गए थे। चंदिया पुलिस ने सतेन्द्र सिंह, पुष्पराज सिंह, सुखेन्द्र सिंह, आसू सिंह, निरंजन सिंह, अंकित सिंह और राहुल सिंह के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और शासकीय कर्मचारी के साथ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस ने इन आरोपियों को 30 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अवैध रेत से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की तलाश अभी भी जारी है। रविवार को एसडीओ वन कुलदीप त्रिपाठी ने बताया कि विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त करने के लिए एक विशेष टीम बनाई है। इसमें तीन रेंजर सहित 50 से अधिक स्टाफ पुलिस की मदद से सर्च ऑपरेशन में जुटा है। विभाग जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को राजसात करने की कार्रवाई करेगा। घटना के नौ दिन बीत जाने के बाद भी वन विभाग की टीम अभी तक अवैध ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त नहीं कर पाई है। खनन माफिया 27 सितंबर को मारपीट के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भगा ले गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *