भास्कर न्यूज | बीजापुर नवीन तेंदूपत्ता नीति के तहत तेंदूपत्ता शाख कर्तन एवं वनों को अग्नि के सुरक्षा से संबंधित एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन बांसागार डिपो में किया गया। कार्यक्रम में उप निदेशक इंद्रावती टाइगर रिजर्व एवं प्रभारी वनमंडलाधिकारी बीजापुर वनमंडल संदीप बलगा द्वारा जिले के वनों में लगने वाले आग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। स्थानीय स्तर व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए वनों में लगने वाली आग को बुझाने के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर संबित मिश्रा ने वनों को आग से बचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग देने एवं स्थानीय स्तर पर सरपंच, पंच एवं अन्य गांव प्रमुखों को जानकारी देते हुए उनका पूरा सहयोग जिला पंचायत के माध्यम से लेने के निर्देश दिए। सेकेंड इन कमांड सीआरपीएफ राजेश चौहान ने अग्नि दुर्घटना रोकने सीआरपीएफ की तरफ से हर तरह का सहयोग प्रदान किये जाने की जानकारी दी। मुख्य वनसंरक्षक आरसी दुग्गा ने कार्यशाला में वनों को आग से बचाने के लिए स्थानीय स्तर पर बैंठकों का आयोजन कर उन्हें वनों से प्राप्त होने वाले लघु वनोपज तेंदूपत्ता, लाख, चिरौंजी, इमली आदि की जानकारी दी।


