बारां वन विभाग ने अवैध कटान के खिलाफ लगातार दूसरे दिन सख्त कार्रवाई की। जिला वन अधिकारी (डीसीएफ) विवेकानंद माणिकराव के निर्देश पर किशनगंज रेंज के ग्राम सोडाना में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान मौके से अवैध लकड़ी सहित एक मोटरसाइकिल जब्त की गई और एक व्यक्ति के खिलाफ राजस्थान वन अधिनियम 1953 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। इस कार्रवाई में ग्राम वन सुरक्षा एवं प्रबंधन समिति सोडाना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पिछले 15 दिनों में सोडाना क्षेत्र में अवैध कटान के खिलाफ यह चौथी कार्रवाई है। अब तक कुल 14 लोगों के खिलाफ राजस्थान फॉरेस्ट एक्ट 1953 के तहत चार मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि अवैध लकड़ी परिवहन में इस्तेमाल की गई पांच मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। वन विभाग ने अवैध कटान पर प्रभावी नियंत्रण के लिए क्षेत्र में सात टीमें गठित की हैं। ये टीमें प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक बारी-बारी से सघन गश्त कर रही हैं। विभागीय सख्ती के साथ-साथ ग्राम स्तर पर भी बदलाव आया है। ग्राम वन सुरक्षा एवं प्रबंधन समिति सोडाना के पूर्व अध्यक्ष बबलू पंडित को ग्रामीणों की सहमति से लापरवाही और अन्य कारणों से पद से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर घनश्याम मीणा को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नवीन अध्यक्ष घनश्याम मीणा और उनकी टीम वन विभाग को पूरा सहयोग दे रही है, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में अवैध कटान पर रोक लगनी शुरू हो गई है। वन विभाग ने संकेत दिया है कि वह भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।


