सागर के बंडा बायपास रोड पर तेंदुआ दिखने के बाद आसपास के रहवासी इलाकों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार रात राहगीरों ने तेंदुए को देखा और उसका वीडियो बनाया। शनिवार को भी बंडा-बांदरी मार्ग पर खेतों के पास तेंदुआ देखा गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने इलाके में सर्चिंग की, लेकिन तेंदुआ कहीं नजर नहीं आया। हालांकि, सर्चिंग के दौरान एक खेत में पगमार्क मिले हैं, जिनकी जांच कराई जा रही है। शुक्रवार रात बंडा में कॉलेज के पीछे बायपास रोड पर तेंदुआ देखा गया था। राहगीरों ने इसका वीडियो भी बनाया। तेंदुआ रोड किनारे से जा रहा था, तभी कार की लाइट पड़ने पर वह सड़क किनारे मिट्टी के ढेर के पीछे छिप गया। कुछ देर बाद वह वहां से निकला और सड़क पार करते हुए दूसरी ओर अंधेरे में गायब हो गया। रहवासी इलाके के पास है मूवमेंट
जिस जगह तेंदुआ देखा गया, उसके आसपास रहवासी इलाका है। तेंदुआ होने की सूचना के बाद से लोग डरे हुए हैं। वन विभाग की टीमें लगातार जंगल और खेतों में सर्चिंग कर रही हैं, लेकिन अब तक तेंदुए की लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी है। विभाग की अपील- रात में सावधानी बरतें
वन विभाग ने आसपास के लोगों से रात के समय आने-जाने में सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि वे अकेले खेत और जंगल की ओर न जाएं।


