नौकरी पेशा महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से देश भर के 120 शहरों में राजस्थान के भी पांच शहर शामिल किए गए हैं। इनमें जयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर को जगह मिली है। सूची में जयपुर 16वें स्थान पर है। दूसरे नंबर पर जोधपुर का 34वां स्थान है। अन्य शहरों में अजमेर 39वें और कोटा 42 वें नंबर पर है। जबकि सूची में राजस्थान की दृष्टि से उदयपुर सबसे नीचे 84 अंक पर ही अटक गया है। हाल ही में वर्क प्लेस कल्चर कंसल्टिंग फर्म ‘अवतार’ की ओर से ‘भारत में महिलाओं के लिए शीर्ष शहर’ पर रिपोर्ट जारी की गई। इसमें बेंगलुरु देश का सबसे सुरक्षित शहर जबकि राज्य के हिसाब से केरल को सुरक्षित के साथ मुफीद बताया गया है। रिपोर्ट में देश के 120 शहरों के सोशल इन्क्लूजन स्कोर (एसआईएस) और इंडस्ट्री इन्क्लूजन स्कोर (आईआईएस) को आधार बनाया गया है। इस अध्ययन में शहरों को महिलाओं के लिए समावेशी वातावरण देने की तुलना के आधार पर नंबर मिले हैं। जयपुर को एसआईएस में 34वां और आईआईएस में 11वां स्थान मिला है। जबकि जोधपुर को 34वां, अजमेर को 39वां, कोटा को 42वां और उदयपुर को 84वां स्थान मिला है। पां चों शहरों को सिटी इन्क्लूजन स्कोर (सीआईएस)100 अंक के मापदंड में 10 से 20 अंक ही मिले हैं। देश के सबसे सुरक्षित 5 शहरों में बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई, हैदराबाद और पुणे हैं। उत्तर भारत की तुलना में दक्षिण भारत में सबसे बेहतर माहौल रिपोर्ट के अनुसार उत्तर भारत की तुलना में दक्षिण भारत में वर्क प्लेस पर महिलाएं ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हैं। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि सबसे सुरक्षित पच्चीस शहरों में पंद्रह शहर दक्षिण भारत के हैं जबकि उत्तर भारत के पांच शहर सुरक्षित हैं। 2024 में कामकाजी महिलाओं के लिए बेंगलुरु देश का सबसे सुरक्षित शहर रहा। यहां महिला पेशेवरों के लिए सुरक्षित वातावरण है। इसी तरह महिला सुरक्षा के मामले में चेन्नई दूसरे, मुंबई तीसरे और दिल्ली आठवें स्थान पर है। गुरुग्राम, शिमला और जम्मू भी पहले 25 शहरों में शामिल है। रिपोर्ट में भारत सरकार की ‘ईज ऑफ लिविंग रिपोर्ट’, मानव सूचकांक, राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो, आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, ग्रॉस एनरोलमेंट रेशियो और उच्च शिक्षा के अन्य संकेतक शामिल किए गए हैं। अध्ययन के अनुसार प्रदेश को महिलाओं के लिए और अधिक समावेशी बनाना जरूरी है। सबसे ज्यादा पर्यटक वाले शहरों जोधपुर, उदयपुर व अजमेर जरूर 120 सुरक्षित शहरों की श्रेणी में जगह पाने में कामयाब रहे लेकिन टॉप 25 शहरों में सिर्फ जयपुर ही आया। वहीं, कोचिंग सिटी कोटा की रैंक तो 42 आई है। जबकि उदयपुर सबसे आखिर में 84 वां स्थान पर रहा। यहां सोशल इन्क्लूजन स्कोर और इंडस्ट्री इन्क्लूजन स्कार भी क्रमश: 88 और 81 रहे। ऐसे में यहां उद्योगों में रोजगार के इतने अनुकूल हालात नहीं है।


