वर्दी की आड़ में चोरी…:ट्रेन में महिला का पर्स चुराते हेड कॉन्सटेबल पकड़ा

रेल गाड़ी में सफर कर रही एक महिला का पर्स चोरी करने के आरोप में हेड कॉन्सटेबल को गिरफ्तार किया है। शर्मनाक बात यह रही कि आरोपी वर्दी में था और उस समय ड्यूटी पर तैनात भी था। गिरफ्तार आरोपी कुलविंदर सिंह पंजाब आर्म्स पुलिस (पीएपी) का मुलाजिम है, जो वर्तमान में जीआरपी लुधियाना में डेपुटेशन पर था। जानकारी के अनुसार कुलविंदर सिंह की ड्यूटी मंगलवार रात 8 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे तक लुधियाना रेलवे स्टेशन पर थी। लेकिन उसने अपनी ड्यूटी छोड़ दी और शालीमार एक्सप्रेस में सवार हो गया, जो जम्मू से दिल्ली जा रही थी। ट्रेन में बठिंडा निवासी कमल यादव अपनी प|ी के साथ यात्रा कर रहे थे। रात में जब दंपती गहरी नींद में थे, तभी कुलविंदर सिंह ने महिला का पर्स चुरा लिया। जैसे ही महिला को पर्स गायब होने की भनक लगी, उसने शोर मचा दिया। मौके पर मौजूद यात्रियों ने पुलिस की वर्दी में मौजूद कुलविंदर सिंह को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से महिला का आधार कार्ड, अन्य आईडी प्रूफ और 1040 रुपये बरामद हुए। घटना की सूचना मिलते ही राजपुरा स्टेशन पर जीआरपी ने उसे हिरासत में ले लिया। जीआरपी लुधियाना थाना प्रभारी पलविंदर सिंह भिंडर और डीएसपी तेजपाल सिंह ने बताया कि आरोपी पर चोरी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि कुलविंदर सिंह बठिंडा के रामपुरा फूल का रहने वाला है और उसे अपने पिता की जगह नौकरी मिली थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *