अमेरिका के टेक्सास राज्य में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। मेक्सिकन नौसेना का एक विमान गैल्वेस्टन खाड़ी के पानी में गिर गया। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें एक दो साल का बच्चा भी शामिल है। अमेरिकी कोस्ट गार्ड्स ने इसकी पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि विमान में कुल आठ लोग सवार थे। इनमें से चार लोगों को जिंदा बचा लिया गया, जबकि एक इंसान अब भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है। यह विमान आग में झुलसे हुए मरीजों को इलाज के लिए ले जा रहा था। इनमें बच्चे भी शामिल थे। विमान में मौजूद कुछ लोग एक संस्था से जुड़े थे, जो आग से झुलसे बच्चों की मदद करती है। गैल्वेस्टन काउंटी के शेरिफ ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोर, ड्रोन टीम और दूसरी आपात सेवाएं मौके पर भेजी गईं। इसके तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। मेक्सिकन नौसेना ने भी हादसे की पुष्टि की है और कहा है कि वह अमेरिकी एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है। साथ ही ह्यूस्टन में मेक्सिकन दूतावास से भी संपर्क किया गया है। इस हादसे की जांच अब FAA और NTSB जैसी अमेरिकी एजेंसियां कर रही हैं, ताकि पता चल सके कि विमान कैसे और क्यों गिरा। फिलहाल हादसे की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। बचाव दल लापता इंसान की तलाश में जुटा है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।


