अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस शहर में शनिवार को इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के एजेंट ने एक व्यक्ति को गोली मारी, जिससे उसकी मौत हो गई। अस्पताल रिकॉर्ड के अनुसार मृतक 37 साल का था। घटना के पूरे हालात अभी स्पष्ट नहीं हैं। मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि घटना के बाद उन्होंने व्हाइट हाउस से संपर्क किया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से राज्य में चल रहे इमिग्रेशन क्रैकडाउन को खत्म करने की अपील की है। इस तरह की कार्रवाई से हालात और तनावपूर्ण हो रहे हैं। होमलैंड सिक्योरिटी की प्रवक्ता ट्रिशिया मैकलॉघलिन ने बताया कि मृतक के पास एक फायरआर्म और दो मैगजजीन थीं। मिनियापोलिस पुलिस ने कहा कि व्यक्ति वैध हथियार धारक था और उसके पास परमिट था। घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हुए और फेडरल अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें शहर छोड़ने को कहा। सुरक्षा कारणों से चौराहों को बंद कर दिया गया और बॉर्डर पेट्रोल एजेंट तैनात किए गए। इससे पहले 7 जनवरी को ICE के एक अन्य एजेंट ने कार सवार 37 वर्षीय महिला को गोली मारी थी। वह तीन बच्चों की मां थीं। तब से ट्विन सिटीज में इमिग्रेशन कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन जारी हैं।


