वर्ल्ड अपडेट्स:अली जरदारी राष्ट्रपति बने रहेंगे, PM शहबाज शरीफ बोले- फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने कभी राष्ट्रपति पद की मांग नहीं की

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से इस्तीफा मांगने और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को राष्ट्रपति बनाने के दावो को खारिज किया है। प्रधानमंत्री ने इन दावों को बस अफवाह करार देते हुए कहा कि मीडिया में फैली इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। शुक्रवार को ‘द न्यूज’ से बातचीत में शहबाज शरीफ ने कहा, “फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने कभी राष्ट्रपति बनने की इच्छा नहीं जताई, न ही ऐसा कोई प्लान है।” दरअसल, पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान में आसिम मुनीर को राष्ट्रपति बनाने की बातें की जा रहीं थी। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…. 6 साल बाद भारत-नेपाल बॉर्डर पर फिर शुरू होगी बातचीत; विवादित इलाकों पर चर्चा नहीं भारत और नेपाल के बीच छह साल बाद इस महीने बाउंडरी वर्किंग ग्रुप (BWG) की बैठक होने जा रही है। यह द्विपक्षीय समूह भारत-नेपाल सीमा पर पिलर्स की मरम्मत, निर्माण और सर्वे जैसे तकनीकी कामों को देखता है। हालांकि, सुस्ता और कालापानी जैसे विवादित इलाकों को बातचीत से बाहर रखा गया है। BWG की आखिरी बैठक अगस्त 2019 में देहरादून में हुई थी। तब तय हुआ था कि 2022 तक बॉर्डर से जुड़े सभी काम पूरे कर लिए जाएंगे। लेकिन कोरोना महामारी और उसके बाद नक्शे को लेकर बढ़े विवाद के कारण बातचीत ठप हो गई। अब भारत ने जुलाई के दूसरे और अंतिम हफ्ते के लिए दो संभावित तारीखें प्रस्तावित की हैं। BWG की स्थापना 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेपाल यात्रा के दौरान हुई थी। यह ग्रुप बॉर्डर पिलर्स की मरम्मत (D2), GPS आधारित सर्वेक्षण (D4), दोनों देशों की ज़मीन पर कब्जों की सूची (D3) और संयुक्त निरीक्षण (D1) जैसे तकनीकी पहलुओं पर काम करता है। WHO ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजिद को निकाला, धोखाधड़ी-भ्रष्टाचार के आरोप लगे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने दक्षिण पूर्व एशियाई निदेशक और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजिद को निकाल दिया है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का दावा है कि साइमा ने अपनी मां के शासनकाल में धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार में शामिल थी। बांग्लादेश की भ्रष्टाचार निरोधक आयोग (ACC) ने इस साल की शुरुआत में साइमा पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी मां के प्रभाव का इस्तेमाल करके WHO की क्षेत्रीय प्रमुख का पद हासिल किया। ACC के उप निदेशक अख्तरुल इस्लाम के अनुसार, साइमा ने नामांकन प्रक्रिया के दौरान अपनी शैक्षणिक योग्यताओं को गलत तरीके से प्रस्तुत किया। हेल्थ पॉलिसी वॉच की एक रिपोर्ट के अनुसार, WHO के प्रमुख डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने कर्मचारियों को ईमेल के जरिए बताया कि साइमा को 11 जून से छुट्‌टी पर भेजा गया है। साइमा नवंबर, 2023 से WHO के लिए दक्षिण पूर्व एशियाई क्षेत्रीय निदेशक के रूप में काम कर रही थी। उनकी जगह डॉ. कैथरीना बोएहमे, WHO की सहायक महानिदेशक, दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय कार्यालय (SEARO) का जिम्मा संभालेंगी। ट्रम्प प्रशासन ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय से 1350 से ज्यादा कर्मचारियों को निकाला अमेरिकी विदेश मंत्रालय में बड़ा फेरबदल करते हुए ट्रम्प प्रशासन ने शुक्रवार को 1,350 से ज्यादा कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। इनमें 1,107 सिविल सर्विस और 246 फॉरेन सर्विस ऑफिसर शामिल हैं। ट्रम्प प्रशासन इस कदम को अमेरिका फर्स्ट एजेंडे के तहत विदेश नीति को फिर से दिशा देने की शुरुआत बता रहा है। डेमोक्रेट सांसदों और पूर्व राजनयिकों ने इस कदम की आलोचना की है। स्टेट डिपार्टमेंट ऑफिस में शुक्रवार को विदाई ले रहे कर्मचारियों के लिए उनके साथियों ने तालियों से ‘क्लैप-आउट’ किया। कई लोग भावुक होकर रोते देखे गए। बर्खास्त कर्मचारियों को एक सेपरेशन चेकलिस्ट दी गई। इसमें बताया गया कि शुक्रवार शाम 5 बजे के बाद उन्हें ऑफिस और ईमेल एक्सेस से बाहर कर दिया जाएगा। यह बदलाव ट्रम्प और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के विजन का हिस्सा है जिसके तहत ब्यूरोक्रेसी को छोटा करना और गैर-जरूरी कार्यक्रमों को हटाने लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत अफगान रिफ्यूजी प्रोग्राम चलाने वाले डेस्क को भी बंद किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *