वर्ल्ड अपडेट्स:ट्रम्प बोले- यूक्रेन ने पुतिन के घर पर ड्रोन हमला नहीं किया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि पिछले हफ्ते हुए ड्रोन हमले में यूक्रेन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास को निशाना नहीं बनाया था। उन्होंने पुतिन के सरकारी आवास पर हमले के क्रेमलिन के दावे को खारिज कर दिया। एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों की जांच में यह बात सामने आई है कि यूक्रेन ने पुतिन के किसी आवास को निशाना नहीं बनाया। ट्रम्प ने साफ कहा, “मुझे नहीं लगता कि ऐसा कोई हमला हुआ था।” रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने पिछले हफ्ते दावा किया था कि यूक्रेन ने उत्तर-पश्चिमी नोवगोरोड इलाके में पुतिन के सरकारी आवास पर ड्रोन हमले किए, जिन्हें रूस के डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया। लावरोव ने यह भी कहा था कि शांति वार्ताओं के बीच यूक्रेन का ऐसा कदम गलत है। जेलेंस्की ने इन आरोपों को तुरंत खारिज कर दिया था। हालांकि शुरुआत में ट्रम्प ने रूस के दावे को गंभीरता से लिया था और कहा था कि पुतिन ने उनसे फोन पर इस मुद्दे का जिक्र किया है, जिससे वह नाराज थे। यूरोपीय अधिकारियों का कहना है कि पुतिन के आवास पर हमले का दावा शांति प्रक्रिया को कमजोर करने की कोशिश है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… रूस से भारत का तेल आयात घटने पर ट्रम्प बोले, मोदी ने यह मुझे खुश करने के लिए किया अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत के रूस से तेल आयात कम करने को लेकर बयान दिया है। ट्रम्प ने कहा है कि भारत ने यह फैसला उन्हें खुश करने के लिए लिया। ट्रम्प ने कहा, वे मुझे खुश करना चाहते थे। प्रधानमंत्री मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं। वह जानते थे कि मैं खुश नहीं था, इसलिए मुझे खुश करना जरूरी था। हम व्यापार करते हैं और उन पर टैरिफ बढ़ा सकते हैं। यूक्रेन युद्ध के बाद भारत रूस का सबसे बड़ा तेल खरीदार बन गया था। अमेरिकी अधिकारियों ने आरोप लगाया था कि भारत रूस से तेल खरीदकर यूक्रेन पर हो रहे हमलों को फंड कर रहा है। इसे लेकर ट्रम्प प्रशासन ने भारत पर 25% टैरिफ भी लगाया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *