पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कतर की राजधानी दोहा पर इजराइली हमलों की निंदा की है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम देशों को अपनी आर्थिक ताकत से इजराइल का मुकाबला करना चाहिए। आसिफ ने कहा- इजराइल मुस्लिम देशों को कमजोर करना चाहता है। यह सोचना गलत है कि इजराइल के सामने झुकने से कोई सुरक्षित रहेगा। ख्वाजा आसिफ ने X पर लिखा कि मुस्लिम देशों को अब इजराइल के खिलाफ एक साथ आना होगा। उनका मकसद मुस्लिम दुनिया की ताकत खत्म करना है। इजराइल के साथ नरमी बरतना गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने, जो आर्थिक रूप से कमजोर है, फिर भी अपने से 5 गुना बड़े भारत को को सबक सिखाया। उन्होंने कहा- सुरक्षा कोई बाहर से नहीं देता। दूसरों की मदद मायने रखती है, लेकिन ताकत अपने अंदर से आती है। इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी दोहा पर हमले की निंदा की। उन्होंने X पर लिखा कि पाकिस्तान की जनता और मेरी तरफ से मैं इजराइल के दोहा में आम लोगों पर किए गए गलत हमले की निंदा करता हूं। यह कतर की आजादी का उल्लंघन है और क्षेत्र की शांति को खतरे में डाल सकता है।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… अमेरिकी उद्योग मंत्री बोले- भारत रूस से ऑयल इंपोर्ट बंद करे, तभी ट्रेड डील होगी अमेरिका के उद्योग मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने कहा कि भारत के साथ व्यापार समझौता तभी आगे बढ़ सकता है, जब भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर दे। सीएनबीसी से बात करते हुए लुटनिक ने कहा- हम भारत के साथ चीजें सुलझाएंगे, लेकिन इसके लिए भारत को रूसी ऑयल इंपोर्ट रोकना होगा। लुटनिक ने यह भी बताया कि अमेरिका ताइवान के साथ एक बड़ा व्यापार समझौता करने जा रहा है और स्विट्जरलैंड के साथ भी जल्द डील पक्की हो सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताया था, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के संकेत मिले हैं। ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर लिखा था कि वे जल्द ही अपने बहुत अच्छे दोस्त मोदी से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापार मुश्किलों को हल करने की बातचीत चल रही है और दोनों देशों के लिए अच्छा नतीजा निकलेगा। इसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका करीबी दोस्त और स्वाभाविक साझेदार हैं। मुझे भरोसा है कि हमारी व्यापार बातचीत भारत-अमेरिका साझेदारी की असीम संभावनाओं को खोलेगी। स्विट्जरलैंड ने भारतीय अल्पसंख्यकों की रक्षा की मांग की, भारत बोला- अपने देश के मुद्दों पर ध्यान दें संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) की 60वीं सत्र में बुधवार को भारत ने स्विट्जरलैंड और पाकिस्तान के बयानों का कड़ा जवाब दिया। दरअसल, स्विट्जरलैंड ने भारत से अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को मजबूत करने की मांग की थी। भारत के प्रतिनिधि क्षितिज त्यागी ने कहा, ‘स्विट्जरलैंड UNHRC का अध्यक्ष है। उन्होंने गलत जानकारी पर आधारित टिप्पणी की। त्यागी ने कहा- भारत एक विविध और जीवंत लोकतंत्र है, जो बहुलवाद को अपनाता है। स्विट्जरलैंड को अपने देश में नस्लवाद और भेदभाव जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, न कि भारत के बारे में गलत बातें फैलानी चाहिए। इसी दौरान, पाकिस्तान ने भी भारत पर टिप्पणी की, जिसका भारत ने कड़ा जवाब दिया। त्यागी ने पाकिस्तान को आतंकवाद का समर्थक बताते हुए कहा, ‘पाकिस्तान इस मंच का दुरुपयोग अपनी झूठी कहानियों के लिए करता है। पुलवामा, उरी, पठानकोट, मुंबई और हाल ही में पहलगाम जैसे हमलों में पाकिस्तान का हाथ रहा है।’ उन्होंने 9/11 हमले की बरसी का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने ओसामा बिन लादेन को पनाह दी थी। त्यागी ने कहा, ‘हमें आतंकवाद के समर्थक से कोई सलाह नहीं चाहिए।’ भारत ने दोनों देशों के बयानों को खारिज करते हुए अपनी स्थिति मजबूती से रखी। राष्ट्रपति ट्रम्प ने इजराइली पीएम को फोन पर फटकार लगाई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इजराइली पीएम नेतन्याहू को कतर पर हमले के लिए फटकार लगाई है। वाल स्ट्रीट जनरल की रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले को लेकर ट्रम्प और नेतन्याहू के बीच बहस हो गई। ट्रम्प ने इस हमले को बेवकूफी भरा कदम बताया। उन्होंने नेतन्याहू से हमले की सफलता के बारे में जानकारी ली, जिसका इजराइली पीएम ने साफ-साफ जवाब नहीं दिया। इजराइल ने मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में हमास के ठिकानों पर हमला किया था। हमला हमास चीफ खलील अल-हय्या को निशाना बनाकर किया गया था। हमले में अल-हय्या बच गया, जबकि हमास के 6 लोग मारे गए थे। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक इजराइल ने ट्रम्प को कतर हमले की जानकारी नहीं दी इसलिए वे नाराज हैं। कतर अमेरिका का सहयोगी देश है। यह गाजा युद्ध रोकने के लिए मध्यस्थता कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इजराइल और अमेरिका के बीच दूरियां आ रही हैं। नेतन्याहू, ट्रम्प के नीतियों के खिलाफ काम कर रहे हैं। ट्रम्प सीजफायर और कैदियों की रिहाई के लिए कोशिश कर रहे हैं, जबकि नेतन्याहू अपने हमलों को और बढ़ा रहे हैं। कतर के बाद इजराइल का यमन पर हवाई हमला, 9 लोगों की मौत, 118 घायल, नेतन्याहू बोले- हम पर हमला करने वालों को नहीं बख्शेंगे इजराइली सेना ने बुधवार को यमन पर हवाई हमले किए। ज्यादातर हमले ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर किए गए। इन हमलों में 9 लोग मारे गए और 118 अन्य घायल हुए। एक दिन पहले इजराइल ने कतर की राजधानी दोहा पर हमला किया था। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि यह हमला दक्षिणी इजराइल के एक हवाई अड्डे पर किए गए हूती विद्रोहियों के हमले का जवाब था। उन्होंने कहा, ‘जो भी हम पर हमला करेगा, हम उसे नहीं छोड़ेंगे। हमने उनके आतंकी ठिकानों और सुविधाओं को निशाना बनाया।’ हूती विद्रोही पिछले एक दशक से यमन की राजधानी सना और उत्तरी क्षेत्रों पर नियंत्रण रखते हैं। हूती विद्रोहियों ने 7 अक्टूबर 2023 को हमास के इजराइल पर हमले के बाद गाजा युद्ध के समर्थन में इजराइल और लाल सागर में जहाजों पर मिसाइल और ड्रोन हमले शुरू किए। हूती का कहना है कि यह हमास के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए है। जवाब में इजराइल ने कई बार हूती ठिकानों पर बमबारी की है। इजराइली सेना ने बताया कि उनके लड़ाकू विमानों ने यमन के उत्तरी अल-जौफ प्रांत और सना में सैन्य शिविरों, हूती के सूचना विभाग के दफ्तर और ईंधन भंडारण स्थल को निशाना बनाया। हूती के सर्वोच्च राजनीतिक परिषद के अध्यक्ष महदी अल-मशात ने कहा कि वे इजराइल के इन हमलों का जवाब देंगे। उन्होंने इसे “क्रूर जायोनी हमला” करार दिया। पिछले महीने इजराइल ने यमन में हूती मंत्रिमंडल की बैठक पर हमला किया था, जिसमें हूती प्रधानमंत्री अहमद अल-रहवी और कई अन्य अधिकारी मारे गए थे। हालांकि, हूती संगठन का असली नियंत्रण इसके संस्थापक अब्दुल मलिक अल-हूती के हाथों में है। इजराइल ने हाल के महीनों में क्षेत्र में अपने दुश्मनों के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। गाजा में दो साल से चल रहे युद्ध के अलावा, इजराइल ने लेबनान में हिजबुल्लाह और सीरिया में कई ठिकानों पर हमले किए हैं। अमेरिका के कोलोराडो में एक स्कूली छात्र ने दो बच्चों को गोली मारी, खुद भी आत्महत्या की कोशिश की, 1 की मौत अमेरिका के कोलोराडो के एक स्कूल में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक छात्र ने दो अन्य छात्रों पर गोली चलाई और फिर खुद को गोली मार ली। इसमें एक छात्र की मौत हो गई है। गोलीबारी स्कूल के अंदर और बाहर दोनों जगह हुई। हमलावर स्कूल का ही छात्र था, उसने खुद को गोली मारी। पुलिस ने पांच मिनट के भीतर हमलावर को ढूंढ लिया। घायल किशोरों को अस्पताल ले जाया गया, एक की हालत गंभीर है, और तीसरा (हमलावर) स्थिर स्थिति में है। स्कूल में 900 से अधिक छात्र पढ़ते हैं, ये इलाका जंगल से घिरा हुआ है। घटना के बाद डेनवर क्षेत्र से 100 से अधिक पुलिस अधिकारी स्कूल पहुंचे। यह घटना 1999 के कोलंबाइन हाई स्कूल नरसंहार की याद दिलाती है, जिसमें 14 बच्चों की मौत हुई थी। इजराइल का 72 घंटों में 6 मुस्लिम देशों पर हमला:200 की मौत, 1000 घायल; नेतन्याहू बोले- जो अमेरिका ने किया, वही कर रहे इजराइल ने पिछले 72 घंटों में 6 देशों पर हमला किए हैं। इसमें गाजा (फिलिस्तीन) समेत सीरिया, लेबनान, कतर, यमन और ट्यूनीशिया शामिल हैं। इन हमलों में 200 से ज्यादा लोग मारे गए और 1000 से ज्यादा घायल हुए हैं। ये हमले सोमवार से बुधवार के बीच में किए गए। इजराइल का कहना है कि वो इन देशों में आतंकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने इसे लेकर इजराइली पीएम नेतन्याहू से नाराजगी जताई है। हालांकि इजराइली पीएम नेतन्याहू ने कतर की राजधानी दोहा में हमास के अधिकारियों पर किए गए हमले का बचाव किया। उन्होंने इस हमले की तुलना 9/11 के हमलों के बाद अमेरिका की कार्रवाई से की। उन्होंने कहा इजराइल ने भी वही किया जो अमेरिका ने उस वक्त किया था। यहां पढ़ें पूरी खबर… नेपाल हिंसा में ₹5 अरब का हिल्टन होटल तबाह:बीमा कंपनियों का अनुमान- ₹31 अरब का क्लेम संभव, यह 2015 के भूकंप से 3 गुना ज्यादा नेपाल में मंगलवार को हुई हिंसा में प्रदर्शनकारियों ने काठमांडू के सबसे ऊंचे हिल्टन होटल में आग लगा दी थी। यह होटल पिछले साल जुलाई में बनकर तैयार हुआ था। इसमें 5 अरब भारतीय रुपए खर्च हुए थे। हिल्टन काठमांडू का सबसे ऊंचा 5 स्टार होटल है, जिसे नेपाल के शंकर के ग्रुप ने बनवाया है। इसमें विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए आधुनिक सुविधाएं थीं। इस होटल ने नेपाल को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के नक्शे पर मजबूत पहचान दी थी। प्रदर्शनकारियों ने सिंह दरबार, सुप्रीम कोर्ट, राष्ट्रपति निवास समेत दर्जनों सरकारी-निजी इमारतों में आग लगा दी। ऐसा अनुमान है कि इससे नेपाल को अरबों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान 9 सितंबर को हुआ, लेकिन सेना के सुरक्षा संभालने के बावजूद 10 सितंबर को भी कई जगहों से नुकसान की खबरें आती रहीं। नेपाल इंश्योरेंस एसोसिएशन (NIA) के मुताबिक बीमा कंपनियों को लगभग 31 अरब भारतीय रुपए से अधिक के क्लेम का सामना करना पड़ सकता है। यह नुकसान 2015 में आए भूकंप से भी तीन गुना ज्यादा है। यहां पढ़ें पूरी खबर… ट्रम्प समर्थक चार्ली कर्क की हत्या:यूनिवर्सिटी प्रोग्राम में गर्दन पर गोली मारी; ट्रम्प ने अमेरिका का सर्वोच्च सम्मान देने का ऐलान किया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के समर्थक और राइट विंग एक्टिविस्ट चार्ली कर्क की गुरुवार को एक प्रोग्राम के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना यूटा राज्य की यूटा वैली यूनिवर्सिटी में हुई। चार्ली यहां ‘द अमेरिकन कमबैक टूर’ प्रोग्राम में आए थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि चार्ली एक टेंट के नीचे माइक पकड़कर बोल रहे हैं। तभी अचानक एक गोली उनके गर्दन के पास आकर लगती है, काफी खून बहता है और वे जमीन पर गिर जाते हैं। ट्रम्प ने ऐलान किया है कि वो चार्ली कर्क को मरणोपरांत अमेरिका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम’ देंगे। यहां पढ़ें पूरी खबर… नेपाल में अंतरिम पीएम के लिए Gen-Z प्रदर्शनकारियों में झड़प:एक गुट बोला- सुशीला कार्की भारत समर्थक, हमें मंजूर नहीं, बालेन शाह का समर्थन किया नेपाल में अंतरिम पीएम के नाम को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। गुरुवार को इसे लेकर Gen-Z दो ग्रुप में बंट गया। इसके बाद सेना मुख्यालय के बाहर दोनों गुटों में हाथापाई हो गई। इसमें कई युवक घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों के एक गुट ने अंतरिम पीएम के लिए सुशीला कार्की के नाम को खारिज कर दिया है। गुट का आरोप है कि सुशीला कार्की भारत समर्थक हैं और उन्हें यह स्वीकार नहीं हैं। गुट मांग कर रहा है कि काठमांडू मेयर बालेन शाह पीएम बने। अगर बालेन नहीं बनते हैं तो धरान मेयर हरका सम्पांग उनके पीएम उम्मीदवार होंगे। पीएम के नाम को लेकर सेना मुख्यालय में 2 दिन से प्रदर्शनकारी गुटों के साथ बातचीत चल रही है। एक गुट बातचीत को सेना मुख्यालय की जगह राष्ट्रपति भवन में करने की मांग कर रहा है। नेपाल के काठमांडू में तख्तापलट के दो दिन बाद गुरुवार को Gen-Z नेता सामने आए। अनिल बनिया और दिवाकर दंगल ने कहा कि युवाओं ने यह विरोध-प्रदर्शन बुजुर्ग नेताओं से तंग आकर किया है। हमारा मकसद संविधान नहीं, संसद भंग करना है। यहां पढ़ें पूरी खबर…


