वर्ल्ड अपडेट्स:पाकिस्तान ने शिया नागरिकों के अकेले ईरान-इराक जाने पर रोक लगाई, नियम अगले साल से लागू होंगे

पाकिस्तान सरकार ने अगले साल से शिया नागरिकों के अकेले इराक-ईरान जाने पर रोक लगा दी है। पाकिस्तानी अखबार द डॉन के मुताबिक गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने तेहरान में ईरान और इराक के अधिकारियों से सोमवार को मुलाकात के बाद यह फैसला लिया। नकवी ने कहा कि 1 जनवरी 2026 से शिया नागरिक अकेले नहीं बल्कि रजिस्टर्ड ग्रुप की मदद से यात्रा कर पाएंगे। इन रजिस्टर्ड ग्रुप का काम लोगों को इराक ले जाना और उन्हें वहां से वापस लाना होगा। पाकिस्तान में शिया तीर्थयात्रियों को जायरीन कहा जाता है। हर साल हजारों शिया मुसलमान इराक और ईरान के पवित्र स्थलों की यात्रा करते हैं। इनमें से कई लोग अपने वीजा की तय सीमा से ज्यादा समय तक वहां रुक जाते हैं, कुछ अवैध काम भी करने लगते हैं। इससे पाकिस्तान का इन दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव पैदा होता है और पाकिस्तान की छवि भी खराब होती है। अब से इन दोनों की यात्रा पर जाने वाले शिया तीर्थयात्रियों को अब अधिकृत टूर आयोजकों के साथ जाना होगा। इन आयोजकों की जिम्मेदारी होगी कि वे यह सुनिश्चित करें कि कोई तीर्थयात्री समय से ज्यादा इराक में न रुके। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… अमेरिका ने मेक्सिको से इम्पोर्ट होने वाले टमाटरों पर 17% टैरिफ की घोषणा की, कीमत को लेकर व्यापारियों की चिंता बढ़ी अमेरिका ने मेक्सिको से इम्पोर्ट होने वाले टमाटरों पर 17% टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इससे अमेरिका- मेक्सिको का 2019 के टमाटर समझौता खत्म हो जाएगा, जिसके तहत मेक्सिको से टमाटर बिना टैरिफ के आते थे। अमेरिकी व्यापार विभाग ने कहा कि स्थानीय किसानों के दबाव के कारण यह कदम उठाया गया, जो मेक्सिको के बढ़ते दबदबे से परेशान हैं। मेक्सिको अमेरिका में खपत होने वाले 70% टमाटरों की आपूर्ति करता है। हालांकि, मेक्सिको में टमाटर उगाने वाली या आयात पर निर्भर अमेरिकी कंपनियों ने चेतावनी दी है कि इससे किराने की दुकानों में कीमतें बढ़ेंगी और सप्लाई चेन प्रभावित होगी। वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक को इस सिलसिले में कई पत्र भेजे गए और बातचीत की अपील की। व्यापारिक समूहों ने कहा कि अमेरिकी कंपनियां 50,000 श्रमिकों को रोजगार देती हैं और मेक्सिको से टमाटरों को देश को 8.3 बिलियन डॉलर का मुनाफा होता हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 17% टैरिफ से अमेरिका में टमाटर की खुदरा कीमतें 8.5% तक बढ़ सकती हैं। यह शुल्क राष्ट्रपति ट्रम्प के मेक्सिको और यूरोपीय संघ से आयात पर 30% आधार शुल्क से अलग है, जिसकी घोषणा हाल ही में की गई थी। स्पेन में गर्मी से दो महीनों में 1 हजार से ज्यादा मौतें हुईं, पिछले साल के मुकाबले 10 गुना अधिक स्पेन में गर्मी के कारण मई 16 से जुलाई 13 तक करीब 1,180 लोगों की मौत हो चुकी है। ये पिछले साल इसी समय में हुई 114 मौतों से 10 गुना अधिक है। मरने वालों में ज्यादातर 65 साल से ज्यादा उम्र के थे, जिनमें आधी से ज्यादा महिलाएं थी। स्पेन का गैलिसिया, ला रियोजा, अस्टुरियस और कैंटाब्रिया जैसे उत्तरी क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित हुए, जहां आमतौर पर गर्मी कम रहती थी, लेकिन हाल के वर्षों में तापमान में भारी वृद्धि देखी गई है। इस दौरान तापमान अक्सर 40 डिग्री सेल्सियस (104 डिग्री फारेनहाइट) से ऊपर रहा। इस अवधि में 76 रेड अलर्ट जारी किए गए, जबकि पिछले साल कोई अलर्ट नहीं था। पिछले साल स्पेन में गर्मी से 2,191 लोगों की मौत हुई थी। हाल ही में 9 जुलाई को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, यूरोप के 12 शहरों में 2 जुलाई तक 10 दिनों की भीषण गर्मी में लगभग 2,300 लोगों की मौत हुई। ट्रम्प की रूस को धमकी- 50 दिनों में यूक्रेन से शांति समझौता करो नहीं तो कड़े प्रतिबंध लगेंगे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को रूस पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है। उन्होंंने कहा कि रूस 50 दिनों के भीतर यूक्रेन के साथ शांति समझौता नहीं करता है तो उस पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे। ओवल ऑफिस में नाटो के महासचिव मार्क रूटे के साथ मुलाकात के दौरान ट्रम्प ने कहा कि यूक्रेन को जल्द से जल्द हथियार भेजे जाएंगे। ट्रम्प ने कहा- मैं राष्ट्रपति पुतिन से निराश हूं। मुझे लगा था कि दो महीने पहले हम समझौता कर लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ट्रम्प ने यह भी कहा कि वे पुतिन के खेल में नहीं फंस रहे हैं। ट्रम्प ने पुतिन को कठोर इंसान बताते हुए कहा- उन्होंने क्लिंटन, बुश, ओबामा और बाइडेन को बेवकूफ बनाया, लेकिन मुझे नहीं। ट्रम्प ने बताया कि रूस ने 2022 में यूक्रेन पर बिना उकसावे के हमला किया था और अब शांति वार्ता के बीच हमले तेज कर दिए हैं। ट्रम्प और रूटे ने एक योजना पर चर्चा की, जिसमें अमेरिका नाटो सदस्य देशों को पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइलें बेचेगा, जो बाद में यूक्रेन को दी जाएंगी। ट्रम्प ने मीडिया से कहा- हम नाटो सहयोगियों के साथ सौदा पूरा कर चुके हैं। हम ढेर सारे हथियार भेजेंगे और नाटो देश इनका 100 फीसदी भुगतान करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *