वर्ल्ड अपडेट्स:बिना रस्सी या सुरक्षा के अमेरिकी रॉक क्लाइंबर ने 1,667 फीट ऊंची और 101 मंजिला इमारत चढ़ी, नेटफ्लिक्स पर लोगों ने लाइव देखा

अमेरिकी रॉक क्लाइंबर एलेक्स हॉनोल्ड ने रविवार को दुनिया की सबसे ऊंची इमारतों में से एक ताइवान की ताइपे 101 (1,667 फीट ऊंची) को बिना रस्सी, हार्नेस या किसी सुरक्षा के चढ़कर इतिहास रच दिया। यह फ्री सोलो क्लाइंब था, जिसमें उन्हें बिना बाहरी मदद के अकेले चढ़ना था। एलेक्स ने इमारत के एक कोने से चढ़ाई शुरू की। वे संकरी L-आकार की उभरी हुई जगहों पर पैर रखकर ऊपर बढ़ते गए। नीचे सड़क पर खड़े लोग उत्साह से चीयर कर रहे थे। लगभग 90 मिनट (1 घंटा 31 मिनट) की मेहनत के बाद वे इमारत के सबसे ऊपर स्पायर पर पहुंचे। उन्होंने कहा, “क्या नजारा है, कितना शानदार दिन है। हवा बहुत तेज थी, इसलिए मैं संतुलन बनाए रखने की कोशिश कर रहा था। ताइपे को ऐसे देखना अद्भुत था।” ताइपे 101 की खास डिजाइन ने उन्हें सबसे मुश्किल चुनौती दी। बीच में ‘बांस बॉक्स’ जैसे ढांचे थे, जहां दीवारें बहुत तेज ढलान वाली और ओवरहैंगिंग थीं। इन आठ सेक्शन में हर एक में आठ मंजिलों जैसी कठिन चढ़ाई थी। पूरी चढ़ाई नेटफ्लिक्स पर लाइव प्रसारित हुई, जिसमें 10 सेकंड का डिले था। बारिश के कारण इसे एक दिन टाल दिया गया था। एलेक्स हॉनोल्ड पहले भी कई बड़े कारनामे कर चुके हैं। 2017 में उन्होंने योसेमाइट के एल कैपिटन (3,000 फीट) को बिना रस्सी के चढ़ा था, जिस पर डॉक्यूमेंट्री ‘फ्री सोलो’ बनी और ऑस्कर जीती।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *