13 साल के ऑस्टिन एपलबी ने समंदर में करीब 4 घंटे लगातार तैरकर अपनी मां और दो छोटे भाई-बहनों की जान बचाई। वह परिवार के साथ समुद्र में गया था। अचानक लहरें तेज हो गईं। बोट पलटने से सभी बहते हुए समुद्र में दूर निकल गए। ऑस्टिन एपलबी का परिवार पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के क्विंडालुप के पास समुद्र में एक छुट्टी बिताने आया था। पर्थ से आए परिवार ने होटल के पास पैडल बोर्ड किराए पर लिए थे। तेज हवाओं और ऊंची लहरों के कारण उनकी बोट पटल गई। ऑस्टिन ने कहा, “लहरें बहुत बड़ी थीं। मैं बस सोचता रहा, ‘बस तैरते रहो, बस तैरते रहो।’ आखिरकार मैं किनारे पहुंचा और वहीं गिर पड़ा।” किनारे पहुंचकर शाम करीब 6 बजे उन्होंने पुलिस और बचाव टीम को सूचना दी। इसके बाद रेस्क्यू टीम पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। मां और दो छोटे बच्चे 14 किलोमीटर दूर बह गए। वे करीब 10 घंटे तक समुद्र में रहे। पुलिस इंस्पेक्टर जेम्स ब्रैडली ने कहा, “13 साल के लड़के की कार्रवाई की बहुत तारीफ की जानी चाहिए। उसके साहस ने उसकी मां और भाई-बहनों की जान बचाई।”


