वर्ल्ड वे इंटरनेशनल स्कूल में 14 दिसंबर 2024 को एक विशेष रात्रिकालीन शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 6 से 12 के छात्रों ने रोमांचक और साहसिक गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। शिविर का प्रारंभ ‘खजाने की खोज’ (Treasure Hunt) से हुआ, जिसमें छात्रों ने स्कूल हाउस के आधार पर टीम बनाकर रोचक पहेलियों और संकेतों के माध्यम से खजाने की तलाश की। लियो हाउस की टीम ने इस प्रतियोगिता में विजेता का खिताब प्राप्त किया। यह गतिविधि छात्रों के समस्या-समाधान कौशल को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ टीमवर्क का महत्व भी सिखाती है। इसके बाद, छात्रों ने साहसिक गतिविधियों का अनुभव किया, जिनमें कमांडो क्रॉलिंग, केट क्रॉलिंग, बीम बैलेंसिंग, मंकी क्रॉलिंग, रोप लेडर, वॉल क्लाइंबिंग, ऑस्ट्रेलियन ट्रॉली, ज़िप लाइन और टार्जन स्विंग जैसी चुनौतियां शामिल थीं। इन गतिविधियों ने बच्चों में जोश और साहस को और बढ़ाया। रस्साकशी (Tug of War) ने खेल भावना, शक्ति और टीम के प्रति समर्पण का संदेश दिया। शिविर का एक खास आकर्षण था ‘जंगल राजा’, जहां बच्चों ने रात्रि के समय आदिवासी वेशभूषा में अपनी भूमिका निभाई और आदिवासी कबीले के वातावरण में मसाले प्रज्वलित कर Bonfire का आनंद लिया। इस शिविर का उद्घाटन अतिथि भगवान सिंह कुशवाहा द्वारा एडवेंचर एक्टिविटी से किया गया। इस अवसर पर बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए रोमांचक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभिभावकों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिन्होंने सबके चेहरे पर हंसी और खुशी बिखेर दी। विद्यालय की प्रधानाचार्य, सुष्मिता देव ने कहा, “यह शिविर बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ आत्मनिर्भरता, सामूहिकता और साहस का पाठ सिखाने का एक प्रयास है। हमें गर्व है कि बच्चों ने इसमें पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।”


