डूंगरपुर| दोवड़ा पंचायत समिति के ग्राम पंचायत वलोता में नरेगा कामों को लेकर अनियमितता का मामला सामने आया है। इसमें विगत सत्र 2023 में नरेगा मद से कदवाड़ा फला में 14.78 लाख का पक्की सड़क से लेकर सामुदायिक भवन तक सीसी निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत हुई, लेकिन ग्राम पंचायत की लापरवाही से स्वीकृत जगह पर काम नहीं कर मनमानी जगह पर सड़क बना दी है। ऐसे में भवन के आगे सड़क कच्ची पड़ी हुई है। राशि का भुगतान कर दिया गया है। पूर्व वार्ड पंच वीरजी भाई रोत ने बताया कि ग्राम पंचायत के मनमाने ढंग काम करने से लोगों को सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने ग्राम पंचायत कार्मिकों पर आरोप लगाते हुए बताया कि नरेगा में चल रहे कामों में मजदूरों से अवैध वसूली की जा रही है। मेट और जेटीए नरेगा के कामों को पूर्ण नहीं करके मिलीभगत से राशि वसूल रहे हैं। विगत एक साल पहले की स्वीकृत पक्के चेकडेम निर्माण का काम नहीं हुआ है, लेकिन कार्यस्थल पर बुलाकर मजदूरों के फोटो लेकर हाजिरी भरी जा रही है। वलोता पंचायत की नरेगा मजदूर हुरज देवी ने बताया कि खेत के पास एनिकट का काम चल रहा है, लेकिन पक्का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। मेट ने दो बार 500 रुपए प्रत्येक मजदूर से लिए। नरेगा मजदूर गांगजी ने बताया कि पिछली बार दो एनिकट निर्माण में मस्टररोल चल चुका है। इसमें सभी ने राशि दी है, लेकिन एनिकट पर पक्का काम कुछ नहीं हुआ है। पूर्व वार्ड पंच वीरजी भाई ने बताया कि अभी दो दिन से शुरू हुए काम में मेरा भी नाम लेबर में चल रहा है। साइट पर कोई लेबर नहीं है। ग्राम पंचायत प्रशासक कांतिलाल रोत ने बताया कि सामुदायिक भवन के पास विवाद होने के कारण वहां पर कच्ची सड़क रह गई है। वालोता ग्राम पंचायत में अलग-अलग दूरी पर मकान बने हुए है। इसकी वजह से आवश्यकतानुसार सीसी सड़क का काम टुकड़ों में किया जा रहा है। कदवाड़ा फला में वर्तमान में चेकडेम निर्माण काम चल रहा है। इसमें 8 लाख रुपए तक की मजदूर राशि है। 4 लाख रुपए तक का पक्का निर्माण करना प्रस्तावित है। प्रशासक बोले- जिसने भी राशि ली उससे बात करके पता लगाऊंगा। वीडीओ मुकेश परमार ने कहा कि दो तीन टुकड़ों में अलग-अलग काम किया है। कहीं छूट गया है तो उसे भी पूरा करवा देंगे। चेकडेम निर्माण के काम को मौके पर जाकर दिखवाते हैं।


