वसुंधरा राजे ने कहा-CM बनना मेरे हाथ में है क्या?:‌BJP कार्यकर्ता ने कहा था- मैडम दोबारा सीएम बन जाओ, आपके ही हाथ में है

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे कहा- सीएम बनना मेरे हाथ में है क्या। दरअसल पूर्व सीएम एक शादी समारोह में शामिल होने पाली पहुंची थीं। सोमवार दोपहर 12 बजे पाली के सादड़ी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी कार को रोका और स्वागत किया। इस दौरान एक कार्यकर्ता ने कहा- मैडम आप दोबारा सीएम बन जाओ। इस पर कार में बैठीं वसुंधरा राजे ने दोनों हाथ दिखाते हुए कहा- मेरे हाथ में है क्या। पहले उन्होंने यह बात धीरे कही। कार्यकर्ता ने नहीं सुना तो दोबारा तेज आवाज में कहा- मेरे हाथ में है क्या? दरअसल पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सोमवार को पाली जिले के बाली कस्बे के गांव बारवा पहुंची। यहां एक परिचित शिक्षक नरपत सिंह राजपुरोहित की बेटी का विवाह समारोह था। वसुंधरा राजे ने नव दंपती को आशीर्वाद दिया। विवाह समारोह में जाते समय रास्ते में उनका काफिला सादड़ी (पाली) में रुका था। फूल मालाओं से स्वागत, चुनरी ओढ़ाई, दोबारा सीएम बनने की मांग सादड़ी कस्बे के आखरिया चौक पर बीजेपी के मंडल अध्यक्ष गोविंद मीणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का मजमा लग गया। महिला कार्यकर्ता भी वसुंधरा राजे को देखने पहुंचीं। वहां गाड़ी रोककर राजे ने कार्यकर्ताओं से बात की। कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से उनका सम्मान किया। साथ ही चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान सादड़ी भाजपा मंडल के मंत्री अनिल बोहरा ने भीड़ में से आवाज लगाकर कहा- मैडम आप दोबारा सीएम बन जाओ। वसुंधरा राजे ने हंसकर जवाब दिया-मेरे हाथ में है क्या। अनिल बोहरा यह बात सुन नहीं पाए। ऐसे में वसुंधरा ने दोनों हाथ दिखाकर तेज आवाज में कहा- मेरे हाथ में रखा है क्या? कार्यकर्ता ने कहा- मैंने अपनी इच्छा जाहिर की भाजपा कार्यकर्ता अनिल बोहरा ने बताया- जब पूर्व सीएम यहां (सादड़ी) पहुंचीं तब मैंने अपनी इच्छा जाहिर की। वसुंधरा राजे दो बार पूर्व सीएम रहीं। दोनों बार उनका कार्यकाल अच्छा था, प्रशासन पर पकड़ रही, जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं की वे पहले सुनवाई करती थीं। मैंने निवेदन किया आपको एक बार फिर सीएम बनना चाहिए। उन्होंने हंसकर कहा- मैं जनता के साथ हूं, सीएम बनाना राष्ट्रीय लेवल के नेताओं के अधिकार क्षेत्र में है। इस दौरान सादड़ी नगरपालिका उपाध्यक्ष हीराराम जाट, पार्षद घीसूलाल चौधरी, मांगीलाल गेहलोत, नारायण राव, मनोहर सुथार, गणेशराम बावरी, कैलाश हिंगड़, पूर्व पार्षद धन्नाराम बावरी, पंचायत समिति सदस्य विक्रमसिंह इंदा मौजूद रहे। साथ ही भंवरलाल माली, अनिल बोहरा, मूलाराम शेरावत, श्याम सेन, राजू बेनीवाल, नरेश परमार, एडवोकेट विनोद मेघवाल, विमल त्रिवेदी, हरिलाल मेवाड़ा, कैलाश माली,नरेश माली जैसे स्थानीय नेता भी थे। सादड़ी में पूर्व मंत्री की सेहत की जानकारी ली सादड़ी में वसुंधरा राजे ने पूर्व मंत्री अचलाराम मेघवाल से भी उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। अचलाराम की सेहत खराब चल रही है। उनके आवास पर पहुंचकर राजे ने स्वास्थ्य की जानकारी ली। वसुंधरा राजे की यात्रा का मार्ग उदयपुर से नाथद्वारा, देसूरी नाल होते हुए सादड़ी और बाली (पाली) के बारवा तक था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *