कटनी के रीठी थाना क्षेत्र के ग्राम वसुधा में अवैध शराब की बिक्री से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को रीठी थाना पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। अवैध अड्डों पर नशेड़ियों का लगता है जमावड़ा ग्रामीणों ने बताया कि गांव में गली-कूचों में अवैध शराब बेची जा रही है, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। सुबह से देर रात तक अवैध अड्डों पर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि युवा वर्ग के साथ-साथ छोटे बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं। इससे घरों में कलह और आर्थिक तंगी बढ़ रही है, साथ ही गांव में आए दिन विवाद की स्थिति पैदा हो रही है। अवैध शराब के अड्डों को तुरंत बंद कराने की मांग एकजुट होकर ग्रामीणों ने रीठी थाना प्रभारी को एक लिखित आवेदन दिया। इसमें गांव में चिह्नित अवैध शराब के अड्डों को तुरंत बंद कराने और इसमें शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो गांव की कानून व्यवस्था और अधिक बिगड़ सकती है। टीआई ने कार्रवाई का दिया आश्वासन ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रीठी थाना प्रभारी शाहिद खान ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस जल्द ही संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी करेगी।


